बिजली विभाग की कंपनियों में पुरानी पेंशन योजना (OPS) लागू करने को लेकर सोमवार को आदेश जारी किया गया। राजस्थान विद्युत वितरण निगम (RRVK) CPF ट्रस्ट की 57वीं बैठक और मुख्य सचिव (ऊर्जा) की बैठक में तय किया गया कि दिसंबर 2024 के वेतन से CPF कटौती बंद कर GPF कटौती शुरू की जाएगी। इस निर्णय से OPS लागू करने की कर्मचारी संगठनों की मुख्य मांग पूरी हो गई है। दरअसल, OPS लागू करने की मांग को लेकर बिजली क्षेत्र के कर्मचारी संगठन लगातार विरोध कर आवाज उठा रहे थे। OPS को 1 जनवरी 2004 के बाद सरकार ने बंद कर दी थी। इसे देखते हुए कर्मचारी संगठन लगातार इसे लागू करने की मांग कर रहे थे। EPS से छूट के लिए आवेदन का निर्णय बैठक में तय किया गया कि कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) और विविध प्रावधान अधिनियम, 1952 की धारा 16(1)(b) के तहत छूट के लिए EPFO को आवेदन किया जाएगा। इस प्रक्रिया को एक महीने में पूरा कर किसी भी कानूनी या दंडात्मक कार्रवाई से बचने के उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे। साथ ही RRVK CPF नियमों में संशोधन किया जाएगा। सभी पात्र कर्मचारियों को GPF खाता नंबर आवंटित किए जाएंगे। मुख्य सचिव (ऊर्जा) की संघर्ष समिति के साथ हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि जिन कर्मचारियों ने पुरानी पेंशन योजना अपनाने का विकल्प चुना है, उनके वेतन से दिसंबर 2024 (जनवरी 2025 में देय) से CPF की जगह GPF कटौती शुरू होगी। यह निर्णय राजस्थान विद्युत संयुक्त संघर्ष समिति की मांगों के बाद लिया गया। ठेकेदारों के लिए नियम सख्त बिजली क्षेत्र की कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि सभी मौजूदा और भविष्य के ठेकेदारों के लिए कर्मचारी भविष्य निधि अधिनियम, 1952 के तहत रजिस्ट्रेशन अनिवार्य किया जाए। ठेकेदारों को EPFO से अपना EPF कोड प्राप्त करना होगा। जो फर्में इस अधिनियम के तहत पंजीकृत नहीं होंगी, उन्हें भविष्य में निविदाओं में भाग लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही कंपनियों से कहा गया है कि वे अपने कर्मचारियों के GPF खाते का आवंटन तेजी से करें। इसके लिए लेखा अधिकारियों की टीम को जिम्मेदारी दी गई है। GPF खाता नंबर आवंटित करने की प्रक्रिया तेज सभी बिजली कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि वे अपने लेखा अधिकारियों और सहायक लेखा अधिकारियों की टीम को पेंशन और भविष्य निधि (PF) ट्रस्ट में तैनात करें। यह टीम कर्मचारियों को जल्द से जल्द GPF खाता नंबर आवंटित करने की प्रक्रिया को तेज करेगी। कर्मचारी संगठन ने जताई खुशी राजस्थान विद्युत संयुक्त संघर्ष समिति के पदाधिकारी यतेंद्र कुमार ने बताया कि 20 दिसंबर 2024 को सभी कर्मचारियों की एकजुटता से हमारी पुरानी पेंशन योजना की मुख्य मांग पूरी हुई। CPF कटौती बंद कर GPF कटौती शुरू होने से हमारा भविष्य सुरक्षित हो गया है। अब हमें निगमों में निजीकरण के खिलाफ भी इसी तरह की एकता दिखानी होगी।


