लुधियाना| अवैध रूप से पेड़ काटने के मामले में नगर निगम के बागवानी विभाग की शिकायत पर थाना दुगरी की पुलिस ने एक व्यक्ति और उसके भाई के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार मामला जवद्दी इलाके के अधीन पंजाबी बाग क्षेत्र का है। यहां नगर निगम की संपत्ति माने जाने वाले पेड़ों को बिना किसी अनुमति के काट दिया गया। बागवानी विभाग के इंजीनियर ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी थी। जांच अधिकारी अर्पित पासी ने बताया कि शिकायत में आरोप है कि निगम के अधीन आने वाले पेड़ों की अवैध कटाई की गई। जांच के दौरान इस मामले में बलजीत सिंह बावा और उसके भाई की भूमिका सामने आई। इसके बाद दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है। मामले की जांच जारी है।


