भास्कर न्यूज | बालोद प्रतिभावान विद्यार्थियों को नीट एवं जेईई की तैयारी के लिए पाकुरभाट में संचालित निशुल्क आवासीय कोचिंग संस्थान का निरीक्षण कलेक्टर दिव्या मिश्रा ने लिया। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग एवं प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों तथा अध्ययन-अध्यापन में संलग्न शिक्षकों को गुणवत्तायुक्त शिक्षा प्रदान करते हुए समयावधि में पाठ्यक्रम पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी की अनुमति के बिना किसी भी शिक्षक-शिक्षिका का अवकाश स्वीकृत न किया जाए। अवकाश आवेदन की स्थिति में संबंधित विषय के वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था करने के बाद ही अवकाश स्वीकृत करने के निर्देश दिए गए, ताकि पढ़ाई प्रभावित न हो। कलेक्टर ने कक्षाओं में पहुंचकर विद्यार्थियों से विषयवार अध्ययन की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी विषय शिक्षकों से अब तक की प्रगति, गुणवत्तायुक्त शिक्षण पद्धति तथा समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण करने बनाई गई कार्ययोजना के संबंध में चर्चा की। विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान कलेक्टर ने भोजन, अल्पाहार एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को विद्यार्थियों की रुचि के अनुरूप मेन्यू तैयार कर पौष्टिक भोजन एवं अल्पाहार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कन्या छात्रावास में पर्याप्त सैनिटरी नेपकीन जरूरी कलेक्टर ने बालक एवं कन्या छात्रावास का भी अवलोकन किया। उन्होंने छात्रावास के कमरों, पेयजल व्यवस्था एवं अन्य सुविधा की समीक्षा की। बच्चों को स्वच्छता एवं सुव्यवस्था बनाए रखने की समझाइश दी। कलेक्टर ने छात्रावासों में शुद्ध पेयजल के लिए आरओ स्थापित करने, प्रत्येक कक्ष में टेबल-कुर्सी की व्यवस्था करने तथा कन्या छात्रावास में पर्याप्त सैनिटरी नेपकीन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कोचिंग संस्थान में शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक मशीन स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील चंद्रवंशी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।


