बिना अनुमति डीजे बजाने पर 5 साल की सजा और एक लाख जुर्माना देना होगा, लाइसेंस भी होगा जब्त

भास्कर न्यूज | हजारीबाग पुलिस प्रशासन ने गुरुवार को सदर थाना में डीजे संचालकों और सभी वार्ड पार्षदों के साथ अलग-अलग बैठक की। इस बैठक को सदर एसडीपीओ अमित आनंद, प्रभारी एसडीओ बैजनाथ कांमति, सीसीआर डीएसपी मनोज कुमार सिंह ,सदर सीओ मयंक भूषण ने किया। जहां सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुभाष सिंह, बड़ा बाजार ओपी प्रभारी बिट्टू रजक ,लोहसिंघना थाना प्रभारी पुन्नू कुमार यादव भी मौजूद रहे। सदर एसडीपीओ ने कहा डीजे संचालकों को डीजे बजाने के प्रावधानों की जानकारी देते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार डीजे साउंड पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन बिना अनुमति डीजे बजाने वाले लोगों पर इसबार पूरी तरह से सख्ती के मुड में है। प्रशासन का इरादा डीजे बजाने पर प्रतिबंध लगाना है। बिना अनुमति डीजे बजाने वाले लोगों पर कारवाई की जाएगी। दोषी पाए जाने पर पांच साल की सजा और एक लाख रुपए जुर्माना का प्रावधान है। साउंड सीमा का उल्लंघन कर डीजे सिस्टम रखने वाले लोगों के वाहन परमिट रद्द कर दिया जाएगा। डीजे उपकरण जब्त कर लिए जाएंगे। अगर कोई आमजन डीजे बजाने से परेशान हैं तो पुलिस कंट्रोल रूम को इसकी सूचना दे। पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी। वहीं रामनवमी में विधि व्यवस्था बनाए रखने को लेकर नगर निगम के पूर्व व वर्तमान वार्ड पार्षदो की बैठक गुरुवार को सदर थाना में हुई। जिसमे विधि व्यवस्था बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक को सम्बोधित करते हुए सीसीआर डीएसपी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि त्योहार खुशियों का अवसर होता है। ऐसे में सभी लोग भाईचारे और सद्भावना से त्योहार मनाए। त्योहार में विधि व्यवस्था बनाए रखें।रामनवमी में अफवाह या अराजकता फैलानेवाले लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुहल्ले में कानून व्यवस्था बनाए रखने में कोई समस्या हो तो पुलिस प्रशासन को सूचित करें। सोशल मीडिया पर फैलने वाले अफवाहों पर ध्यान नहीं दें। सभी पूर्व वार्ड पार्षद अपने अपने मुहल्ले में शांति समिति की बैठक करें और समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों को अपने साथ जोड़े। ताकि सभी लोग विधि-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग कर सके। उपस्थित वार्ड पार्षदों ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने का भरोसा भी दिलाया। वहीं पुलिस अधिकारियों ने भी आश्वासन दिया कि रामनवमी शांति तरीके से संपन्न होगा। वहीं तीसरी बैठक पुलिस प्रशासन ने आपस में ही की। जिसमें प्रभारी एसडीओ बैजनाथ कांमति, सदर एसडीपीओ अमित आनंद, सीसीआर डीएसपी मनोज कुमार सिंह, सदर सीओ मयंक भूषण और शहरी क्षेत्र के सभी थाना के प्रभारी मौजूद थे। इस बैठक में अगले मंगला जुलूस को शांति व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के साथ-साथ रामनवमी जुलूस के दौरान शहर में कहां-कहां ड्रोन कैमरे सीसीटीवी कैमरे लगाया जाना आवश्यक है इस पर विचार विमर्श किया। वही वैसे असामाजिक तत्व जिनसे शहर के अमन को खतरा हो सकता है उनका लिस्टिंग भी किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *