बिना अनुमति 3 मंजिला बिल्डिंग बनाई, चला रहा था OYO:बिलासपुर में होटल के लिए अवैध रूप से बनाए 17 कमरे,पार्षद की शिकायत पर एक्शन

बिलासपुर के बहतराई रोड स्थित गीतांजलि सिटी फेस-1 में निगम की बिना अनुमति तीन मंजिला भवन बना लिया गया। जिसमें OYO होटल चलाया जा रहा था। जांच हुई तब बोर्ड को हटा दिया गया, लेकिन संचालन जारी रहा। अब निगम ने इस अवैध बिल्डिंग को सील कर दिया है। पार्षद रेखा पांडेय की शिकायत के बाद निगम ने शुक्रवार को यह कार्रवाई की है। बिल्डिंग मालिक बाकायदा OYO का बोर्ड लगाकर यहां अवैध रूप से होटल संचालित कर रहा था। निगम की जांच में क्या मिला ? जांच में पाया गया कि, यह बिल्डिंग गायत्री केडिया की है, लेकिन इसका नक्शा निगम से पास नहीं कराया गया है। बावजूद इसके यहां 17 कमरों वाला होटल तैयार कर लिया गया था। लंबे समय से इसका संचालन ओयो होटल के रूप में हो रहा था। पार्षद रेखा पांडेय ने इस पर आपत्ति जताते हुए निगम कमिश्नर से शिकायत की थी। उनका कहना था कि होटल के कारण क्षेत्र में सामाजिक माहौल खराब हो रहा है। शिकायत के बाद जब निगम की भवन शाखा ने स्थल निरीक्षण किया तो पता चला कि होटल का संचालन अवैध है। विरोध के बाद हटाया गया ओयो का बोर्ड पहले यहां ओयो का बोर्ड भी लगा हुआ था, लेकिन विरोध के बाद इसे हटा दिया गया। फिर भी होटल का संचालन जारी था। निगम कमिश्नर के आदेश पर शुक्रवार को भवन शाखा की टीम मौके पर पहुंची और होटल को सील कर दिया। टीम ने मौके पर उपस्थित स्टाफ से पूछताछ भी की, लेकिन कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किया जा सका। नियम उल्लंघन करने पर होगी कार्रवाई नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि, बिना अनुमति निर्माण और अवैध व्यवसाय पर कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी भवन मालिक को बख्शा नहीं जाएगा। मनमानी करने वालों के खिलाफ एफआईआर भी कराई जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *