अंबिकापुर | शास्त्री वार्ड मायापुर में 3500 वर्गफीट क्षेत्र में अवैध निर्माण किया गया है। शिकायतकर्ता राधेश्याम तिवारी ने कलेक्टर को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के अनुसार, खसरा नंबर 1668/13 रकबा 0.020 हेक्टेयर की जमीन अब्दुल नईम अंसारी पिता अब्दुल करीम अंसारी के नाम दर्ज है। वहीं, खसरा नंबर 1668/26 रकबा 0.020 हेक्टेयर की जमीन अब्दुल गनी अंसारी पिता अब्दुल करीम अंसारी के नाम है। दोनों ने नगर निगम या नगर निवेश से विकास अनुज्ञा और भवन निर्माण की अनुमति नहीं ली है। इसके बावजूद निर्माण कार्य शुरू कर दिया गया। 3500 वर्गफीट में आवासीय और व्यावसायिक निर्माण किया जा रहा है। खुद के रहने के लिए मकान और किराए पर देने के लिए कमरे या लॉज बनाए जा रहे हैं। यह निर्माण कार्य भूमि विकास नियम 1984, नगर पालिका अधिनियम 1961 और छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता 1959 के नियमों का उल्लंघन है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से दोषियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


