बिना एनओसी के मिलीभगत से अवैध बिल्डिंगों का निर्माण हो रहा

भास्कर न्यूज |लुधियाना गलाडा के अधीन आने वाले बलौकी रोड स्थित ग्रीन एवेन्यू के निवासियों में आक्रोश है। इलाके के प्रमुख नागरिकों ने मिलकर गलाडा के चीफ एडमिनिस्ट्रेटर संदीप शर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि उनके इलाके से सटी एक अवैध कॉलोनी में अवैध रूप से सीवरेज कनेक्शन जोड़ा जा रहा है, जिससे मौजूदा रिहायशी कॉलोनी को भविष्य में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इस मौके पर कुलदीप सिंह, रविंदर भल्ला, हरजीत सिंह लांबा और सुरेश कुमार ने बताया कि कॉलोनाइजर सरकार को धोखा देकर गैर-कानूनी ढंग से कॉलोनी काट रहा है और गलाडा अप्रूव्ड कॉलोनी से सीवरेज कनेक्शन जोड़ने की कोशिश कर रहा है। निवासियों ने बताया कि उन्होंने इस बारे में जेई अमरजीत सिंह को पहले भी शिकायत दी थी, मगर अब तक कोई एक्शन नहीं लिया गया। जब इस कॉलोनी से जुड़े कॉलोनाइजर हरविंदर सिंह पप्पू से बात की गई, तो उन्होंने साफ तौर पर कहा कि मेरा इस कॉलोनी से कोई संबंध नहीं है, जहां सीवरेज डाली जा रही है। गलाडा जो कार्रवाई करना चाहता है, करे। वहीं, इलाके के सरपंच विक्की से बात की गई तो उन्होंने दावा किया कि यह कॉलोनी साल 1924 की है और इसमें एक गली में अभी तक सीवरेज नहीं डला था, जिसे अब सरपंची कोटे से डलवाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके लिए उन्होंने बीडीओ से प्रस्ताव पास करवा लिया है। गलाडा के एसडीओ दवलीन सिंह ने बताया कि मामले की जांच के लिए जेई अमरजीत सिंह को मौके पर भेजा गया है। वही धांधरा रोड पर अवैध बन रही बिल्डिंगों के खिलाफ भी प्रिंस सिंह ने गलाडा के अधिकारियों को शिकायत की है। उन्होंने बताया कि इस रोड में बिना एनओसी के गलाडा के जेई की मिलीभगत से अवैध बिल्डिंगों का निर्माण हो रहा है। प्रिंस ने बताया कि जब भी गलाडा के जेई रोहित को शिकायत की जाती है तो वो खानापूर्ति कर पहले नोटिस भेजता है उसके बाद अपना चक्कर चला देता है और अवैध बिल्डिंग का निर्माण हो जाता है। इस वजह से इस रोड पर हमेशा ही ट्रैफिक जाम रहता है। प्रिंस ने बताया की पिछले गलाडा के सीए ने इस जेई पर एक्शन भी लिया था और इस एरिया से हटा दिया था मगर फिर से सिफारिश लगाकर दोबारा इस एरिया में अवैध बिल्डिंग बनाने का काम शुरू करवा दिया है। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत उन्होंने विजलेंस अधिकारियों को भी दी है। इस बारे में जब जेई रोहित से पूछा गया कि धांधरा रोड पर जिन बिल्डिंग को नोटिस भेजकर रोका गया था वो कैसे बन गई तो उन्होंने कहा उनको इस बारे में मुझे नहीं पता है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *