नरसिंहपुर के करकबेल में शनिवार शाम एक बिना नंबर की कार ने बंद रेलवे गेट को टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। यह घटना ठेमी थाना क्षेत्र के अंतर्गत रेलवे क्रॉसिंग गेट क्रमांक 285 पर शनिवार शाम तकरीबन 4.30 बजे की है। टक्कर मारकर फरार हुआ आरोपी ठेमी थाना प्रभारी प्रीति मिश्रा ने बताया कि पुलिस टीम आपराधिक तत्वों पर निगरानी के लिए गश्त कर रही थी। इसी दौरान एक बिना नंबर की कार के चालक ने गति बढ़ा दी और करकबेल के रेलवे क्रॉसिंग गेट को जोरदार टक्कर मारकर भाग गया। कार की टक्कर से तिरछा हुआ गेट करकबेल के स्टेशन प्रबंधक विजय कुमार कुशवाहा ने जानकारी दी कि तेज रफ्तार कार चालक ने गेट के पूरी तरह खुलने से पहले ही उसे टक्कर मार दी, जिससे गेट तिरछा हो गया। पुलिस अब कार मालिक और चालक की पहचान करने के लिए मामले की जांच कर रही है।


