भास्कर न्यूज | फतेहगढ़ साहिब सिविल सर्जन डॉक्टर दविंद्र जीत कौर के शहीदी सभा के दौरान बिना मंजूरी छुट्टी जाने पर डीसी डॉ. सोना थिंद ने पंजाब के हेल्थ सचिव को पत्र लिखकर कार्रवाई करने को कहा है। डीसी ने कहा कि शहीदी सभा को लेकर लाखों की तादाद में पहुंचने वाली संगत की सुविधा को लेकर जिला प्रशासन की ओर से सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बिना उनकी मंजूरी छुट्टी और हेड क्वार्टर न छोड़ने को लेकर आदेश जारी किया था। बावजूद, सिविल सर्जन बिना उनकी मंजूरी छुट्टी पर चली गई थीं। अगर उनकी गैर मौजूदगी में शहीदी सभा के दौरान कुछ भी अनहोनी हो जाती, तो उसे संभालने के लिए जिला सिविल सर्जन का ड्यूटी पर होना जरूरी था। गौर हो कि सिविल सर्जन उस दिन छुट्टी पर चली गई थीं, जिस दिन उन्होंने शहीदी सभा में सिविल व पुलिस प्रशासन तथा सिविल सर्जन की बिना मंजूरी के लगने वाले रक्तदान शिविरों की जांच के लिए आदेश जारी किए थे। इसके बाद डीसी ने भी रक्तदान शिविरों की जांच की थी और मंजूरी के बिना लगे शिविरों को भी बंद करवाया था। इस संबंधी सिविल सर्जन डॉ. दविंद्र जीत कौर का कहना था कि उन्होंने पहले से ही छुट्टी के लिए डायरेक्टर हेल्थ को आवेदन किया हुआ था और उनकी मंजूरी मिलने के बाद ही वह छुट्टी पर गई हैं।


