बिना लाइसेंस गेहूं पैकेजिंग करने पर कार्रवाई:मिलावट रोकने खाद्य विभाग का निरीक्षण; अलग-अलग दुकानों से नमूने लिए

विदिशा में खाद्य विभाग ने आमजन के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए मिलावटी और नकली खाद्य पदार्थों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में आयुक्त खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश के निर्देश पर गठित संभागीय उड़नदस्ता, भोपाल की संयुक्त टीम ने विदिशा शहर में कई खाद्य कारोबारियों के यहां औचक निरीक्षण कर कार्रवाई की। इस संभागीय उड़नदस्ते में खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज श्रीवास्तव, अरुणेश पटेल, धर्मेंद्र नुनाइया, अखिलेश गंगवार के साथ स्थानीय जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती एडलिन ई. पन्ना और श्री संदीप वर्मा शामिल थे। टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में खाद्य प्रतिष्ठानों की जांच की, जिसमें कई स्थानों पर खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया। मिर्जापुर स्थित क्रांति इंटरप्राइजेज के निरीक्षण के दौरान खाद्य अनुज्ञप्ति की शर्तों का उल्लंघन और साफ-सफाई की कमी सामने आई। इसके अतिरिक्त, लटसाहब शरबती गेहूं की पैकेजिंग बिना खाद्य लाइसेंस के की जा रही थी। इस मामले में खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम के तहत न्यायालय में प्रकरण प्रस्तुत किया जाएगा। वहीं, बेतवा मल्टी फूड, मिर्जापुर सागर रोड से सोयाबीन तेल के दो नमूने जांच के लिए एकत्र किए गए। सिद्धार्थ फूड, पीतल मिल से भी आटे के दो नमूने परीक्षण हेतु लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित फर्मों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि नकली, मिलावटी और बिना लाइसेंस वाले खाद्य पदार्थों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे संदिग्ध खाद्य पदार्थों की सूचना दें, ताकि लोगों के स्वास्थ्य से किसी भी तरह का खिलवाड़ रोका जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *