जयपुर | नए साल में आबकारी विभाग की ओर से राजधानी में अवैध और नकली शराब के लिए विशेष अभियान चलाया गया। होटलो, रेस्टोरेंट और रेस्टो बार में छापामारी की। अभियान आबकारी आयुक्त शिव प्रसाद नकाते के निर्देश पर जयपुर डीईओ महिपाल सिंह के नेतृत्व में की गई। टीम ने सी-स्कीम क्षेत्र स्थित फॉरच्यून हाइट्स बिल्डिंग में संचालित होटल-रेस्टोरेंट पर दबिश दी। यहां पर बिना वैध लाइसेंस के विभिन्न ब्रांड की शराब परोसी और बेची जा रही थी। मौके से 217 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई। नकली शराब बनाने में काम ली जा रही 4335 नकली लेबल और 363 नकली होलोग्राम भी जब्त किए गए। इस मामले संदीप कुमार, मोहम्मद खान और ललित कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं, दक्षिण क्षेत्र में एक होटल-रेस्टोरेंट की छत पर संचालित अवैध रेस्टो बार पर छापामारी की। यहां से 181 बोतल अंग्रेजी शराब की बरामद की गई। बार संचालक प्रदीप कुमार और हरिशंकर शर्मा को गिरफ्तार किया गया।


