राजस्थान में स्वास्थ्य विभाग ने एम्बुलेंस सर्विस को जीपीएस बेस लाइव लोकेशन ट्रेस करने की सुविधा से जोड़ने की मांग गृह विभाग से की है। ताकि इमरजेंसी के समय 108 या 104 पर आने वाली कॉल को जीपीएस के मोबाइल से लोकेशन ट्रेस करके कम समय में एम्बुलेंस को घटना स्थल तक पहुंचाया जा सके। राजस्थान में बढ़ते रोड एक्सीडेंट और देरी से पहुंचती एम्बुलेंस सर्विस को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने ये मांग रखी है। NHM डायरेक्टर डॉ. अमित यादव ने एसीएस होम को लेटर लिखा है। इसमें कहा कि 108 और 104 कॉल सेंटर पर अभी ये सुविधा नहीं होने के कारण एम्बुलेंस का रिस्पॉन्स टाइम बढ़ रहा है। वहीं मोबाइल GPS आधारित लाइव लोकेशन ट्रैकिंग सुविधा केवल 112 टोल-फ्री आपातकालीन नंबर पर आने वाली कॉल्स के लिए ही उपलब्ध है। जबकि 108 और 104 कॉल सेंटर पर आने वाली कॉल पर ये सुविधा नहीं है, जिसके कारण एम्बुलेंस को घटनास्थल तक पहुंचने में ज्यादा समय लग रहा है। इसलिए GPS सिस्टम की जरूरत
वर्तमान में 108 और 104 कॉल सेंटर पर अगर कोई इमरजेंसी कॉल आती है तो कॉल सेंटर पर मौजूद ऑपरेटर कॉलर से ही फोन पर लोकेशन पूछता है। ऑपरेटर इसके बाद एम्बुलेंस ड्राइवर को मैसेज के जरिए फॉरवर्ड करता है। एम्बुलेंस ड्राइवर मैसेज मिलने के बाद घटनास्थल के लिए रवाना होता है। इस दौरान वह कॉल करके घटना की जानकारी देने वाले कॉलर से लगातार लोकेशन की जानकारी लेता है। इस दौरान कई बार लोकेशन सही से ट्रेस नहीं होने के कारण एम्बुलेंस घटना स्थल पर देरी से पहुंचती है। इससे रिस्पॉन्स टाइम बढ़ता है और इससे कई बार गंभीर घायल मरीज जिसे समय पर हॉस्पिटल पहुंचने की जरूरत होती है, उसमें देरी होती है। कई मामलों में यह देरी मरीज के जीवन के लिए जोखिम भरी साबित हो जाती है। 112 कॉल सेंटर पर ये है सुविधा
वर्तमान में आपातकालीन नंबर 112 पर आने वाली कोई भी कॉल को API के जरिए ट्रांसफर किया जाता है। इससे कॉल करने वाले की जीपीएस के जरिए लोकेशन ट्रेस की जाती है। लेकिन ये सुविधा 108 और 104 कॉल सेंटर पर उपलब्ध नहीं है। स्वास्थ्य विभाग से जुड़े अधिकारियों ने कहा- यदि 108 और 104 कॉल सेंटर पर भी GPS आधारित कॉलर की लोकेशन सुविधा उपलब्ध करा दी जाए तो एम्बुलेंस सेवाओं में बहुत सुधार हो सकता है। वहीं जब तक सभी आपातकालीन एम्बुलेंस कॉल्स को पूरी तरह 112 नंबर से जोड़ा नहीं जाता। तब तक यह तकनीकी सुविधा 108 और 104 सेवाओं के लिए बेहद आवश्यक मानी जा रही है।


