भास्कर न्यूज | बिरनी बिरनी प्रखंड के दलांगी में रास्ता विवाद और उत्क्रमित उच्च विद्यालय दलांगी के भवन निर्माण के लिए जमीन की कमी का जायजा लेने बुधवार को गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव स्थल पर पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय से सटे कब्रिस्तान, बराकर नदी, लेवरा–रजदाहाधाम में बन रहे पुल, स्कूल की जमीन और विवादित रास्ते को देखा। उन्होंने बिरनी सीओ को विद्यालय की जमीन की माप कराने और एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने विद्यालय निर्माण के लिए जमीन देने वाले रैयतदारों की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल की जमीन को लेकर किसी प्रकार का विवाद न करें। स्वेच्छा से दी गई जमीन में आपका बच्चा पढ़ेगा और अधिकारी बनेगा। इस दौरान उन्होंने पास खेल रहे बच्चों के साथ िगल्ली-डंडा भी खेला और बच्चों को खेल से संबंधित शारीरिक विकास की जानकारी भी दी। उपायुक्त ने मुखिया, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को समझाया कि यदि किसी रैयत की थोड़ी बहुत जमीन स्कूल निर्माण में जाती है तो उस पर आपत्ति न करें, क्योंकि विद्यालय पूरे गांव का है। उन्होंने कहा कि विवाद बढ़ने पर विद्यालय का निर्माण संभव नहीं होगा और इससे बच्चों की शिक्षा प्रभावित होगी। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ग्रामीणों को समझाते नजर आए कि यदि जमीन को लेकर विवाद बढ़ता है, तो विद्यालय निर्माण में देरी होगी और यह बच्चों की शिक्षा को प्रभावित करेगा। भास्कर न्यूज|खोरीमहुआ खोरीमहुआ अनुमंडल इलाके के धनवार प्रखंड स्थित गोरहंद पंचायत के महुआटांड़ मौजा स्थित 14 एकड़ विवादित भूमि को लेकर बुधवार को जिले के उपायुक्त रामनिवास यादव स्थल निरीक्षण के लिए पहुंचे। मौके पर उन्होंने दोनों पक्षों को बुलाकर उनकी बातें सुनीं और भू-राजस्व िरकॉर्ड्स की जांच की। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने पाया कि किसी भी पक्ष के पास जमीन का वैध दस्तावेज मौजूद नहीं है। फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। जांच में स्पष्ट हुआ कि संबंधित भूमि गैरमजरूआ खास श्रेणी की है और पूर्णतः सरकार की संपत्ति है। उपायुक्त ने कहा कि सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा करना दंडनीय अपराध है। यदि कोई भी पक्ष जबरन कब्जा करने की कोशिश करेगा, तो उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय ग्रामीणों और दूसरे पक्ष के बीच यह विवाद पिछले पांच वर्षों से चल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कुल 11.85 एकड़ भूमि गैरमजरूआ खास है, जिस पर फर्जी कागजात तैयार कर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। ग्रामीण इस भूमि पर खेल मैदान और उच्च विद्यालय भवन निर्माण की अपेक्षा रखते हैं। इस पर उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए खेल मैदान एवं विद्यालय भवन को लेकर विभाग द्वारा अन्य उपयुक्त भूमि उपलब्ध कराई जाएगी। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी अनिमेष रंजन, एलआरडीसी सुनील कुमार प्रजापति, प्रखंड विकास पदाधिकारी देवेंद्र दास, अंचलाधिकारी यशवंत सिन्हा, धनवार थाना प्रभारी सत्येंद्र कुमार पाल, घोड़थंभा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल और अन्य अधिकारी उपस्थित थे। मौके पर गोरहंद पंचायत मुखिया कौशल्या देवी, मुखिया प्रतिनिधि भीखी पासवान, परसन पंचायत मुखिया रामदेव यादव, महेंद्र यादव मौजूद थे। भास्कर न्यूज|गिरिडीह कोलडीहा स्थित सुभाष पब्लिक स्कूल में वार्षिक महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की थीम उड़ान विंग्स ऑफ़ सक्सेस रखी गई, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, अनुशासन और सफलता की प्रेरणा जगाना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि गिरिडीह के पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ डायरेक्टर एवं चेयरमैन संजय कुमार सिंह, प्राचार्य मौसमी भद्रा ने दीप प्रज्वलन कर किया। विद्यालय के संस्थापक डॉ. परमहंस सिंह एवं दुर्गावती की तस्वीर पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, मेहनत और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया। विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में नृत्य, संगीत और नाट्य कार्यक्रम शामिल थे, जिन्होंने सभी का मन मोह लिया। समापन अवसर पर अतिथियों को स्मृति-चिह्न और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। समारोह में कई विशिष्ट अतिथियों में एएसपी सुजीत कुमार,वरिष्ठ नेता राज कुमार राज,एसडीपीओ जीत वाहन उरांव, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम कुमार महतो, बेंगाबाद थाना प्रभारी जितेंद्र कुमार, समाजसेवी दंत चिकित्सक डॉ. सुमन कुमार, सुभाष इंस्टीट्यूट के डायरेक्टर बिजय सिंह, अरविंद कुमार और सुभाष शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. अनुज कुमार प्रमुख रूप से शामिल थे। विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक सुबोध कुमार सिंह और तर्पीता सेन गुप्ता को इस अवसर पर सम्मानित किया गया। मंच संचालन तर्पीता सेन गुप्ता, शाहिद परवेज और धन्यवाद ज्ञापन शाहनवाज अहमद ने किया।


