बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 290.80 एकड़ भूमि आवंटित की गई है। इसके साथ ही, परियोजना के लिए ₹50.60 करोड़ की राशि भी स्वीकृत की गई है। केंद्रीय राज्य मंत्री व सांसद तोखन साहू ने केंद्रीय नगर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू से मिलकर उनका आभार जताया है। इस विस्तार के तहत एयरपोर्ट को 4-C श्रेणी में अपग्रेड किया जाएगा, जिससे बड़े वाणिज्यिक विमानों का संचालन संभव हो सकेगा। फरवरी-मार्च से नाइट लैंडिंग की सुविधा भी शुरू होने की उम्मीद है। परियोजना में रनवे के विस्तार और एक नए टर्मिनल भवन के निर्माण को भी सैद्धांतिक मंजूरी मिल गई है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का भी जताया आभार केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने इस उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने सेना के अधीन भूमि को राज्य सरकार को हस्तांतरित करने में सहयोग किया। राज्य सरकार का भी धन्यवाद किया साहू ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भी धन्यवाद दिया, जिन्होंने राज्य सरकार की ओर से राशि जारी करने और प्रशासनिक बाधाओं को दूर करने में तत्परता दिखाई। उन्होंने नगर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू का विशेष आभार व्यक्त किया, जिन्होंने बिलासपुर की मांग को प्राथमिकता दी और 4-C श्रेणी की मंजूरी प्रदान की। मंत्री साहू ने विश्वास जताया कि एयरपोर्ट के इस विस्तार से बिलासपुर संभाग में निवेश, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उनका मानना है कि यह पहल पूरे छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी।


