बिलासपुर के बार में डांस करते समय युवकों के बीच धक्कामुक्की होने पर विवाद हो गया। इसके चलते जमकर बवाल हुआ। बाद में युवकों ने समझौता करने के लिए दूसरे पक्ष के युवकों को बुलाया और हमला कर उनकी गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ कर दी। वहीं, दूसरी घटना में बार के बाउंसर की आंख पर मिर्च पाउडर डालकर चाकू से हमला कर दिया गया। पुलिस इन मामलों में केस दर्ज कर जांच कर रही है। घटना तारबाहर और सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। विद्यानगर निवासी रौनक सलूजा और सरकंडा निवासी हर्ष चौरसिया अपने दोस्तों के साथ श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित बार में गए थे। यहां बार के डांस फ्लोर पर नाचते समय उनके बीच धक्कामुक्की हो गई। युवक अपने साथ आए युवतियों से छेड़छाड़ करने का आरोप भी लगा रहे थे। डांस बंद होने पर आए नीचे, बाउंसर ने भगाया
विवाद बढ़ते देखकर बाउंसर ने डांस बंद कराया, जिसके बाद दोनों पक्ष को नीचे भेज दिया गया। जहां से युवक-युवतियां अपनी गाड़ी के पास चले गए। इस दौरान युवक आपस में उलझने लगे, तब बाउंसर ने उन्हें भगा दिया। वहीं, युवक-युवती थाने में शिकायत करने की धमकी देते हुए वहां से निकल गए। समझौता करने के बहाने बुलाया फिर बेसबाल से तोड़ दी गाड़ी
इतने में युवकों ने उन्हें समझौता करने के बहाने बुलाया। गाड़ी में सवार युवक श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित सांई मंदिर के पास पहुंचे, तब रौनक सलूजा और उसके दोस्तों ने मिलकर हर्ष चौरसिया उनकी गाड़ी पर बेसबाल व राड से हमला कर तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान उसमें सवार सभी युवक-युवतियों ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। जिसके बाद उन्होंने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किया है। बार बाउंसर की आंख में मिर्च पाउडर डालकर चाकू से हमला
वहीं, टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित होटल हैवेन्स पार्क स्थित होटल के बार में बाउंसर की आंखों में मिर्ची का पाउडर डालकर चाकू से हमला कर दिया गया। सिविल लाइन पुलिस ने घायल बाउंसर की शिकायत पर केस दर्ज किया है। तोरवा के पुराना पावर हाउस में रहने वाले राजा सिंह ठाकुर होटल हैवेन्स पार्क में बाउंसर हैं। उसने पुलिस को बताया कि शनिवार की शाम छह बजे से वे ड्यूटी पर थे। रात करीब 10 बजे तीन युवक आकर बार की एंट्री मांग रहे थे। उनके मुंह से शराब की बदबू आने पर बाउंसर ने उन्हें बार में घुसने से रोक दिया। कुछ देर गेट के बाहर खड़े रहने के बाद युवक फिर से बार में घुसने का प्रयास करने लगे। तब बाउंसर ने उन्हें रोककर घर जाने के लिए कहा। इस दौरान युवकों ने उनसे बहस भी की। रात करीब 11 बजे राजा अपने घर जाने के लिए निकला। होटल के बाहर ही ओम सलूजा और शिवम सलूजा मिल गए। उन्होंने राजा को देखते ही गालियां देनी शुरू कर दी। इसका विरोध करने पर ओम सलूजा और उसके साथियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच युवकों ने बाउंसर की आंखों में मिर्ची का पावडर डाल दिया। जिसके बाद चाकू से हमला कर दिया। इसे देख बाउंसर के साथियों शफी कुरैशी, टीपू खान और विजय दास ने बीच-बचाव किया।


