भास्कर न्यूज | जांजगीर दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के बिलासपुर मंडल ने यात्रियों में टिकट नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से बिलासपुर एवं चांपा स्टेशन पर किलाबंदी टिकट चेकिंग अभियान चलाया। यह अभियान 8 जनवरी 2026 को वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अनुराग कुमार सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। मंडल वाणिज्य प्रबंधक एस. भारतीयन और सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.एस. चौहान के नेतृत्व में चले इस अभियान में वाणिज्य निरीक्षक, टिकट निरीक्षक और टीटीई स्टाफ की सक्रिय भागीदारी रही। अभियान के दौरान दोनों स्टेशनों पर विशेष जांच की गई तथा इनके बीच चलने वाली 25 ट्रेनों में टिकटों की सघन जांच की गई। इस दौरान 634 मामलों में कुल 3,74,700 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसमें बिना टिकट यात्रा के 418 मामलों से 2,86,065 रुपये, अनियमित टिकट के 187 मामलों से 85,665 रुपये तथा बिना बुक किए गए लगेज के 29 मामलों से 2,970 रुपये शामिल हैं। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से वैध टिकट लेकर यात्रा करने और प्लेटफार्म टिकट व फुटओवर ब्रिज के उपयोग की अपील की है।


