बिलासपुर नगर निगम का RI निलंबित:14 लाख टैक्स घोटाले में हुई कार्रवाई, निगम कमिश्नर ने वसूली के निर्देश दिए

बिलासपुर नगर निगम के जोन क्रमांक 2 के राजस्व निरीक्षक (आरआई) रामनारायण देवांगन को निलंबित कर दिया गया है। उन पर 14.18 लाख रुपए के टैक्स घोटाले का आरोप है। निगम कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने यह कार्रवाई की है। रामनारायण देवांगन पर वित्तीय वर्ष 2022-23 से 2024-25 के दौरान संपत्तिकर, समेकित कर और यूजर चार्ज के रूप में वसूल की गई 14,18,207 रुपए की राशि को निकाय कोष में जमा न करने का आरोप है। इसे गंभीर आर्थिक अनियमितता माना गया है। नियम 9 के तहत कार्रवाई इस अनियमितता के लिए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) 1966 के नियम 09 (1) (ख) के तहत आरआई को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निगम कमिश्नर ने रामनारायण देवांगन से समस्त बकाया राशि वसूलने के निर्देश दिए हैं। ऑडिट में सामने आया घोटाला राशि जमा न होने की स्थिति में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। यह घोटाला नगर निगम के आंतरिक ऑडिट (इंटरनल ऑडिट) में सामने आया। वर्तमान में वर्ष 2023-24 का ऑडिट चल रहा था, जिसमें जोन क्रमांक-2 में राजस्व कर की इस बड़ी गड़बड़ी का खुलासा हुआ। जांच रिपोर्ट के बाद निलंबन ऑडिट रिपोर्ट निगम आयुक्त को सौंपे जाने के बाद, आयुक्त ने संयुक्त संचालक वित्त के नेतृत्व में मामले की जांच कराई। जांच रिपोर्ट प्रस्तुत होने के बाद ही निगम कमिश्नर ने निलंबन की यह कार्रवाई की है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *