बिलासपुर नगर निगम के नवनियुक्त कमिश्नर प्रकाश कुमार सर्वे ने पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने कहा कि वे आमजन के लिए फोन पर उपलब्ध रहेंगे। हालांकि बैठक में होने पर उन्हें एसएमएस भी किया जा सकता है। जनता कार्यालयीन अवधि में उनसे सीधे मिल सकेगी। कमिश्नर सर्वे ने बताया कि उनका मुख्य ध्यान जनता को पानी, बिजली, सड़क और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध कराने पर रहेगा। कमिश्नर ने निगम की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया पदभार ग्रहण करने के बाद, कमिश्नर सर्वे ने अपर आयुक्त खजांची कुम्हार के साथ निगम के विकास भवन की विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से उनके कार्यों के संबंध में जानकारी ली। टैक्स शाखा में उन्होंने वसूली की स्थिति का जायजा लिया और मार्च तक शत-प्रतिशत वसूली का लक्ष्य निर्धारित किया। निरीक्षण के दौरान, अपर आयुक्त खजांची कुम्हार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए 133 करोड़ रुपये के संपत्ति कर की वसूली का लक्ष्य है। वर्तमान में 50 करोड़ रुपये की वसूली हो चुकी है, जो कुल लक्ष्य का 45 प्रतिशत है। अधूरे कार्यों को जनता के सहयोग से पूरा करने पर दिया जोर कमिश्नर सर्वे ने आज दोपहर नगर पालिक निगम कमिश्नर के साथ-साथ स्मार्ट सिटी के एमडी (मैनेजिंग डायरेक्टर) के रूप में भी पदभार संभाला। वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक में उन्होंने शासन की योजनाओं के समय पर और बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया, ताकि जनता को उनका पूरा लाभ मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि निगम के अधूरे कार्यों को शहरवासियों के सहयोग से पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। स्वच्छता के मुद्दे पर कमिश्नर सर्वे ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बिलासपुर ने दूसरा स्थान प्राप्त कर शहर और राज्य को गौरवान्वित किया है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि जनता के सहयोग से बिलासपुर को प्रथम स्थान पर लाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। निगम कमिश्नर ने बिलासपुर के विकास के लिए सुझाव मांगे निगम कमिश्नर ने जिले की जीवनरेखा अरपा नदी को प्रदूषण मुक्त करने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि अरपा उत्थान और तट संवर्धन योजना सहित विभिन्न योजनाओं को गुणवत्ता और समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि न्यायधानी बिलासपुर के बेहतर विकास के लिए सभी से सुझाव लेकर कार्य किया जाएगा। नए क्षेत्रों का विकास होगा निगम कमिश्नर ने कहा, निगम सीमा में शामिल नए क्षेत्रों के लोगों को निगम की सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ ही विकास के लिए कार्य किया जाएगा। टीम वर्क के साथ काम करेंगे उन्होंने कहा कि कोई भी काम अकेले नहीं किया जा सकता। सभी के सहयोग से ही काम सफल होता है। बेहतर टीम वर्क के साथ शहर को सुंदर बनाने का काम किया जाएगा।


