बिलासपुर निगम में 1089 करोड़ का बजट पेश:पार्षद जय वाधवानी बोले- BJP ऐसा मुक्तिधाम बनाएगी, जिसमें मुर्दे भी जिंदा हो जाएंगे

बिलासपुर नगर निगम की महापौर पूजा विधानी के कार्यकाल की आज पहली सामान्य सभा की बैठक हुई। जिसमें 1089 करोड़ का बजट पेश किया गया, जो पिछली सामान्य सभा के बजट से 38 करोड़ रुपए ज्यादा है। देवकीनंदन सभागार में बजट के दौरान भाजपा पार्षद भगवा गमछे पहने और मेयर पूजा विधानी बजट ब्रिफकेस साथ लेकर आईं। सामान्य सभा में मच्छरों और सीवरेज को लेकर जमकर हंगामा हुआ। मच्छर प्रकोप को लेकर सत्ता पक्ष के पार्षद ने सदन में सवाल उठाए। सीवरेज के अधूरे कामों पर भी नाराज़गी जताई। पीएम आवास योजना में हितग्राहियों को लाभ न मिलने का मामला भी गरमाया रहा। ऑनलाइन टैक्स भुगतान में आ रही दिक्कतों को लेकर भी बहस हुई। विपक्ष ने भी लार्वा कंट्रोल नहीं होने पर जमकर हंगामा किया। नई सरकार की इस पहली सामान्य सभा में शहर विकास के कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिसमें नालंदा परिसर बनाने, सभी आठ जोन में पिंक टॉयलेट का निर्माण के साथ सड़क निर्माण और पेयजल समस्या दूर करने सहित अन्य योजनाएं शामिल हैं। BJP ऐसा मुक्तिधाम बनाएगी, जिसमें मुर्दे जिन्दा हो जाएंगे- पार्षद कांग्रेस पार्षदों ने शहर के श्मशान घाटों के जीर्णोद्धार का प्रश्न उठाया। इस पर भाजपा पार्षद जय वाधवानी ने कहा कि बीजेपी ऐसा श्मशान घाट बनाएगी, जिसमें मुर्दे भी जिंदा हो जाएंगे। इस बात को लेकर के सदन में जमकर बवाल मचा और पार्षद के बाद बोलने पर कांग्रेस पार्षदों ने विरोध किया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *