भास्कर न्यूज| अंबागढ़ चौकी अंतरराज्यीय ड्यूज बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के सातवें दिन सोमवार को ग्रुप बी के क्वाटर फाइनल मैच में आरएसके बिलासपुर ने जेपी जबलपुर को बड़ी आसानी से छह विकेट से परास्त कर स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मंगलवार को ग्रुप बी का सेमीफाइनल मैच नागपुर व बिलासपुर के मध्य खेला जाएगा। राज्य स्तरीय ड्यूज बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को ग्रुप बी का क्वार्टर फाइनल मैच खेला गया। दो घंटे विलंब से प्रारंभ हुए मैच में जेपी जबलपुर ने टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बीस-बीस ओवरों के मैच में जबलपुर के सलामी बल्लेबाजों ने शानदार शुरूआत की। जबलपुर का पावर प्ले में एक भी विकेट नहीं गिरा था। लेकिन पावर प्ले के खत्म होते ही जबलपुर के सलामी बल्लेबाजों के पेविलियन लौटते ही विकेटों का पतझड़ शुरू हो गया। ऐसा लग रहा था कि जबलपुर बड़ी आसानी से डेढ़ सौ से उपर रन बना लेगी। लेकिन जबलपुर के मध्यमक्रम के बल्लेबाजों ने अपनी टीम के लिए कोई विशेष योगदान नहीं दे पाए। जबलपुर की पुरी टीम निर्धारित ओवरों से चार ओवर पहले 131 रन बनाकर आलआउट हो गई। जबलपुर की ओर से सलामी बल्लेबाज प्रियांश ने आक्रमक 30 रन व आजिक्य मोहले ने भी तीस रनों का बहुमूल्य योगदान दिया। बिलासपुर के गेदबाजों ने पावर प्ले के बाद बड़े अनुशासन से किफायती गेंदबाजी करते हुए साहिल शेख ने शानदार चार विकेट व मुंबई इंडियन टीम के आईपीएल के नेट बालर परिवेश धर ने किफायती गेंदबाजी की। बिलासपुर टीम के रोहित नेतानी ने बनाए 37 रन लंच के बाद बिलासपुर की ओर से रोहित नेतानी ने शानदार 37 रन व सलामी बल्लेबाज ऋषभ शर्मा ने शानदार 30 रन और मेडी ने 16 रनों का बहुमूल्य योगदान दिया। बिलासपुर ने निर्धारित 20 ओवर से काफी पहले 17 वें ओवर में ही जीत के लक्ष्य को प्राप्त कर सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। मैच में कमेंट्रेटर आशीष द्विवेदी, विकास मानिकपुरी, विमल यादव, प्रज्ञारत्न गोडबोले थे। मैच के दौरान जबलपुर व बिलासपुर की टीम का संघर्ष देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित थे। मैच में निर्णायक सपन काकड़े व हेमंत ठाकुर थे।


