छत्तीसगढ़ का बिलासपुर पूरे देश में दूसरा सबसे स्वच्छ शहर घोषित हुआ है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के नतीजे नई दिल्ली में घोषित किए गए, जिसमें बिलासपुर ने 3 से 10 लाख आबादी वाले शहरों की श्रेणी में दूसरा स्थान हासिल किया। 2023 में बिलासपुर 28वें स्थान पर था। इस सम्मान को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने डिप्टी सीएम अरुण साव, महापौर पूजा विधानी और नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार को सौंपा। देशभर के 4589 शहरों ने इस सर्वेक्षण में भाग लिया था। 3 लाख से 10 लाख तक के जनसंख्या वाले शहरों में प्रथम स्थान पर महाराष्ट्र के मीरा भयंदर और तीसरे स्थान जमशेदपुर को मिला है। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति के अलावा केंद्रीय आवासन एवं शहरी मंत्री मनोहर लाल खट्टर और केंद्रीय शहरी राज्य मंत्री तोखन साहू मौजूद रहे। बिलासपुर में चार चरणों में हुआ था सर्वेक्षण स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 के तहत केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्रालय की टीम ने इस साल चार चरणों में बिलासपुर का सर्वेक्षण किया। यह प्रक्रिया अप्रैल 2024 से अप्रैल 2025 तक चली। सर्वे की शुरुआत शहर की ग्राउंड रिपोर्टिंग से हुई। इसके बाद नागरिकों से फीडबैक, अप्रैल 2025 में स्वच्छता लीग और वाटर प्लस का मूल्यांकन और मई में गार्बेज फ्री सिटी का सर्वेक्षण किया गया। जैसे ही मंत्रालय ने सर्वे की घोषणा की, नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने तुरंत एक अलग टीम बनाकर सर्वेक्षण की तैयारियों में लगा दिया था। इस टीम ने पूरे साल स्वच्छता से जुड़े कई अभियान चलाए। बता दें कि इससे पहले भी बिलासपुर को “गार्बेज फ्री सिटी” में 5 स्टार रेटिंग और ODF++ का दर्जा मिल चुका है। ऐसे बदली तस्वीर और बिलासपुर ने लहराया परचम स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में बिलासपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए देश के सबसे स्वच्छ शहरों में दूसरा स्थान हासिल किया। 2023 में जहां बिलासपुर को 28वां स्थान मिला था, वहीं 2024 में शहर ने बड़ी छलांग लगाते हुए देश के शीर्ष तीन शहरों में जगह बना ली। तो आइए जानते है कैसे बिलासपुर ने 28वें रैंक से छलांग लगाते हुए कैसे बड़े शहरों को पछाड़कर स्वच्छता का सिरमौर बना। सबसे पहले नगर निगम प्रशासन ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था में मौजूद कमियों और संसाधनों की कमी की पहचान की। इसी वजह से पिछली बार बिलासपुर रेस में पिछड़ जाता था। इन कमियों को दूर करने की दिशा में निगम प्रशासन ने इन प्वांइटस पर सबसे पहले ध्यान दिया गया। डोर टू डोर कचरा कलेक्शन: पूरे शहर में 100% घरों से कचरा उठाने की व्यवस्था की गई। पुराने वार्डों में निजी कंपनी और नए वार्डों में स्वच्छता दीदियों द्वारा यह काम किया जा रहा है। नई कचरा गाड़ियां: नए जुड़े क्षेत्रों में कचरा कलेक्शन बेहतर करने के लिए 36 नई गाड़ियां खरीदी गई, जिससे अब पूरे शहर में कुल 162 गाड़ियां काम कर रही हैं। स्वच्छता कर्मचारियों की बढ़ोतरी: सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाकर 2063 की गई और सफाई क्षेत्र (बीट्स) को 750 तक बढ़ाया गया। मैकेनाइज्ड और मैन्युअल स्विपिंग: अब पूरे शहर में हर दिन लगभग 49.34 किमी सड़कों की सफाई मशीनों और मैन्युअल तरीके से की जाती है। CD वेस्ट प्लांट: तिफरा में निर्माण और तोड़फोड़ के मलबे से उपयोगी चीजें (गमले, ईंटें, ब्लॉक) बनाने के लिए CD वेस्ट प्लांट की स्थापना की गई। जागरूकता अभियान और बिल्लू बिलासपुरिया: नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के लिए साल भर अभियान चलाया गया और शुभंकर “बिल्लू बिलासपुरिया” को लॉन्च किया गया। स्वच्छता पेट्रोल टीम: शहर में घूम-घूमकर गंदगी फैलाने वालों पर नजर रखने और जुर्माना लगाने वाली टीम बनाई गई, जिससे 14.58 लाख रुपए का जुर्माना वसूला गया। शौचालयों का सुधार: शहर के 79 सार्वजनिक शौचालयों का जीर्णोद्धार किया गया और सभी में फीडबैक मशीनें लगाई गईं। यूज़र चार्ज में वृद्धि: स्वच्छता सेवाओं के बदले नागरिकों ने यूज़र चार्ज बढ़-चढ़कर दिया, जिससे नगर निगम को 14.50 करोड़ रुपए की आमदनी हुई। अवैध होर्डिंग्स पर कार्रवाई: अवैध बैनर और होर्डिंग्स पर सख्ती से कार्रवाई की गई, जिससे सार्वजनिक स्थान साफ और सुंदर बने रहे। इसके अलावा नगर निगम द्वारा सीवर लाइन की व्यवस्थित सफाई के लिए 2 सीवर सक्शन मशीन और 1 विशेष सीवर वाहन की खरीदी की गई। पहले सैनेटरी पैड और डाइपर जैसे वेस्ट के निष्पादन के लिए एसआरएलएम सेंटर क्षेत्रों में इंसीनेटर मशीन की कमी थी जिसे दूर करते हुए 5 इंसीनेटर मशीनों की स्थापना की गई। शहर के जीवीपी प्वाइंट की पहचान कर उन स्थानों की तस्वीर बदली गई। बिलासपुर, स्वच्छता एवं शहरी विकास का रोल मॉडल बनेगा-तोखन साहू केंद्रीय शहरी राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा की स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में हमारे शहर का 2 रैंक आना यह दिखलाता है कि शासन-प्रशासन के साथ ही आम जनता अस्वच्छता को जड़ से मिटाने के लिए प्रतिबद्ध है। सभी शहरवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई, आने वाले समय में बिलासपुर स्वच्छता और शहरी विकास का एक नया रोल मॉडल बनेगा। स्वच्छता मा बिलसपुरिया मन चमक गिस- अरुण साव उप मुख्यमंत्री अरूण साव ने कहा कि यह उपलब्धि हमारी स्वच्छता दीदियों, सफाई मित्रों और बिलासपुर नगर निगम टीम, जनप्रतिनिधियों, हमारे बिलासपुर के लोगों के सहयोग और संकल्प का परिणाम है। हम सब मिलकर स्वच्छ बिलासपुर, सुंदर बिलासपुर के संकल्प को और मजबूती से आगे बढ़ाते रहेंगे। सामूहिक प्रयास का नतीजा-अमर अग्रवाल बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान में बिलासपुर अपनी सहभागिता देते हुए आज इस मुकाम पर पहुंचा है। यह उपलब्धि पूरे शहर की है। यह सबके सामूहिक प्रयास का नतीजा है कि बिलासपुर पूरे देश में दूसरे स्थान पर है, इसे बरकरार रखना अब हम सबकी जिम्मेदारी है। सब मिलकर नंबर 1 बनाएंगे-सुशांत शुक्ला बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला शहरवासियों को बधाई देते हुए कहा की स्वच्छ सर्वेक्षण 2024 में हमर बिलासपुर का दूसरे स्थान पर चयन होना हम सबके लिए हर्षित एवं गर्व की बात है आने वाले समय में बिलासपुर पहले स्थान पर इसके लिए हम सब मिलकर प्रयास करेंगे। शहरवासियों को बधाई-महापौर स्वच्छता में बेहतर प्रदर्शन करने पर महापौर पूजा विधानी ने शहरवासियों और निगम कर्मियों को बधाई देते हुए कहा की यह उपलब्धि सामूहिक प्रयास का नतीजा है। आमजन के सहयोग के बगैर संभव नहीं था। इस उपलब्धि से हमें भविष्य में और भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। सभी को बधाई-कलेक्टर कलेक्टर संजय अग्रवाल ने कहा की स्वच्छता के क्षेत्र में पूरे देश में दूसरे स्थान पर आना पूरे बिलासपुर के लिए गर्व का क्षण है, इस उपलब्धि के लिए नगर निगम की टीम और नागरिकों को बधाई। इस उपलब्धि को बरकरार रखते हुए और अच्छा प्रदर्शन करने के लिए सामूहिक प्रयास किया जाएगा। टीम वर्क का नतीजा- कमिश्नर नगर निगम आयुक्त अमित कुमार ने निगम की टीम को बधाई देते हुए कहा की “यह उपलब्धि बेहतर टीम वर्क और जनता के सहयोग का परिणाम है,भविष्य में हम और भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करें, इसके लिए प्रयास जारी रखेंगे”


