बिलासपुर में अपोलो अस्पताल रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान बुधवार को विवाद की स्थिति बन गई। नगर निगम की टीम को लगातार दूसरे दिन भी स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। इस दौरान पुलिस और लोगों के बीच हल्की झूमाझटकी भी हुई। वसंत विहार चौक से मानसी गेस्ट हाउस तक 80 फुट चौड़ी सड़क के दोनों ओर 20-20 फुट जमीन पर करीब 250 लोगों ने अवैध निर्माण कर रखा है। इस कारण सड़क संकरी हो गई है। नगर निगम ने जब मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, तो स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। बुधवार को हालात और बिगड़ गए, जब शाम 4 बजे बुलडोजर के सामने बैठकर लोगों ने काम रुकवा दिया। पुलिस के हस्तक्षेप के बावजूद लोग नहीं माने और हंगामा बढ़ता गया। एक दिन पहले दी गई नोटिस वार्ड पार्षद दिलीप पाटिल ने प्रभावितों को लेकर नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार से मुलाकात की। लेकिन इससे कोई समाधान नहीं निकला। प्रभावितों का कहना है कि उन्हें सिर्फ एक दिन पहले नोटिस दी गई। दुकानदारों को लिंगियाडीह में वैकल्पिक जगह दी जा रही है, लेकिन वे वहां जाने को तैयार नहीं हैं। पिछले दो दिनों से स्थानीय लोग लगातार विरोध कर रहे हैं। इस दौरान निगम कर्मचारियों, पुलिस और लोगों के बीच छिटपुट झड़पें भी हुईं। बुधवार शाम को स्थिति अधिक तनावपूर्ण हो गई। पुलिस स्थिति को नियंत्रण में रखने का प्रयास कर रही है। जोन कमिश्नर बोले -महीने भर पहले दी गई थी नोटिस जोन कमिश्नर प्रवीण शर्मा का कहना है कि रोड की जमीन पर बेजा कब्जा करने वालों को महीने भर पहले नोटिस दी गई थी। नोटिस दो बार दी गई और कार्रवाई शुरू करने के एक दिन पहले मुनादी कराई गई थी। उन्होंने बताया कि 80 फुट चौड़ी रोड पर 250 से अधिक लोगों ने मकान, दुकान बना लिए हैं, जिसे हटा कर रोड चौड़ी की जाएगी। उन्होंने बताया कि दो दिनों में 30 मकान और डेढ़ सौ से अधिक दुकानें हटाई जा चुकी हैं।


