हिमाचल कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के सामने बिलासपुर कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। प्रतिभा सिंह की मौजूदगी में पार्टी कार्यकर्ताओं में तीखी नोंकझोंक हुई और एक दूसरे के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए। इससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। मंच पर मौजूद सीनियर नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संयम बरतने की अपील की। तब जाकर माहौल शांत हो पाया। दरअसल, प्रतिभा सिंह गुरुवार को संविधान बचाओ रैली की तैयारियों की समीक्षा के लिए बिलासपुर पहुंची थी। इसमें कार्यकर्ताओं ने सरकार में अनदेखी, संगठन में भितरघात जैसे मुद्दों को प्रदेश अध्यक्ष के सामने उठाया। इससे पार्टी की गुटबाजी फिर जगजाहिर हुई है।


