छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में चलती कार पर स्टंट करने वाले 3 युवकों पर पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने उनकी गाड़ी का 5300 रुपए का चालान काटा है। साथ ही तीनों को गिरफ्तार कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। यही नहीं उनके पैरेंट्स को भी थाने बुलाकर हिदायत दी गई और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की चेतावनी दी। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है। बता दें कि शनिवार रात तीनों कार का सनरूफ खोल छत पर बैठकर सिगरेट पी रहे थे, उनके पीछे चल रहे दूसरे कार सवार ने युवकों का वीडियो बना लिया, जो वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, एक्टिव हुई पुलिस इसमें ट्रैफिक पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। एक तरफ ट्रैफिक पुलिस शहर के चौक-चौराहों पर जांच कर नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कार्रवाई करने का दावा कर रही है। वहीं, दूसरी तरफ बदमाश खुलेआम ट्रैफिक नियम तोड़ते दिख रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद पुलिस एक्टिव हुई। SSP ने युवकों को गिरफ्तार करने दिए निर्देश SSP रजनेश सिंह ने यातायात पुलिस एवं सिविल लाइन थाना प्रभारी को निर्देशित किया कि कार चालक के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाए। जिस पर एडिशनल एसपी ट्रैफिक रामगोपाल करियारे ने कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर उसके मालिक की पहचान कर नोटिस जारी किया। जिसमें उसे युवकों के साथ कार लेकर थाने आने की हिदायत दी। 5300 का काटा चालान, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी इसके बाद वाहन चालक पर मोटर व्हीकल एक्ट के बड़ी कार्रवाई करते हुए 5300 समन शुल्क का चालान काटा गया। साथ ही कार सवार तिफरा निवासी युवक आर्यन कश्यप (20), यदुनंदन नगर सांई विहार निवासी प्रियांशु ठाकुर (19) और यदुनंदन नगर के ही 3- पृथ्वीराज सिंगरौल (25) के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया। SSP बोले- स्टंट बाज पर सख्ती से होगी कार्रवाई SSP रजनेश सिंह ने बताया कि इस मामले में कार सवार युवकों के परिजनों को भी थाने बुलाकर हिदायत दी गई। साथ ही उन्हें यातायात नियमों का पालन करने की चेतावनी दी गई। उन्होंने कहा कि इस तरीके से कार व बाइक पर स्टंटिंग करने वालों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। अशांति फैलाने पर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की जाएगी।


