बिलासपुर में पुरानी रंजिश के चलते बदमाशों ने मिलकर दूसरे गुट के युवकों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान उन्होंने चाकू निकालकर ताबड़तोड़ वार कर दिया। इस हमले में गंभीर रूप से घायल युवक की अतड़ियां निकल आई है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना में घायल तीन युवकों अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि घायल पक्ष के युवक जन्मदिन पर केक काट रहे थे। उसी समय हमलावर पहुंच गए और विवाद शुरू कर दिया। घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है। अशोक नगर मुरुम खदान निवासी श्रवण साहू अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रहा था। सभी वहां केक काटने की तैयारी में थे। उसी समय रिंकू खान, मुन्नू खान और बौना खान सहित 8-10 लड़के पहुंच गए। पुरानी रंजिश केा लेकर उन्होंने श्रवण व उसके दोस्तों के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। मना करने पर दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान रिंकू, मुन्नू और बौना ने चाकू निकाल कर श्रवण और उसके साथियों पर हमला कर दिया। वो संभल पाते कि चाकू सीधे श्रवण के पेट में घुसा दिया, जिससे खून से लथपथ श्रवण की अतड़ियां बाहर आ गई। इस हमले में उसके दो अन्य साथियों को भी चोटें आई है। इसके बाद हमलावर युवक भाग गए। घायलों के अन्य साथियों ने तीनों को तत्काल सिम्स में भर्ती कराया। श्रवण की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं दो अन्य की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है। पुलिस पहुंची, इससे पहले भी हमलावर हो गए फरार
इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। लेकिन, तब तक घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया था। वहीं, हमलावर युवक भी भाग गए थे। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर हमलावरों की तलाश कर रही है। पुलिस ने चार युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है। उनके पास से चाकू भी बरामद किया गया है। देर रात मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी उदयन बेहार ने कहा कि आरोपियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा। मामले मे शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सरकंडा में लगातार बढ़ रही चाकूबाजी
सरकंडा थाना क्षेत्र में लगातार चाकूबाजी की वारदातें हो रही है। कुछ दिन पहले लोयोला स्कूल में छात्र व उसके भाई पर युवकों ने चाकू से हमला किया था। इससे पहले कालीबाड़ी चौक में महिला पर एक व्यक्ति ने चाकू से सरेराह जानलेवा हमला किया था। पिछले कुछ महीनों में क्षेत्र में चाकूबाजी की कई घटनाएं हो चुकी है। चाकू से किया हमला, पेट्रोल डालकर कमरे में लगा दी आग
चांटीडीह सांई मंदिर के पास रहने वाले शिवशंकर लोधी डीजे संचालक हैं। शुक्रवार की रात वो अपने कर्मचारी अमन और हर्ष श्रीवास के साथ सो रहा था। रात करीब एक बजे अशोक नगर में रहने वाला लोकनाथ राजपूत वहां आकर दरवाजा खटखटाने लगा। अमन ने दरवाजा खोला तो युवक कमरे में घुस गया। उसने अपने साथ लाए पेट्रोल को तीनों के ऊपर डालना शुरू कर दिया। इसका विरोध करने पर उसने शिवशंकर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इससे उनके नाक और हाथ में चोटें आई। मारपीट होते देख उसके साथी कमरे से भागकर आसपास के लोगों को बुलाने चले गए। इधर शिवशंकर भी किसी तरह वहां से भागने में कामयाब हो गया। परिजन को लेकर जब वह अपने कमरे में पहुंचा तो युवक ने कमरे में आग लगा दी थी। आसपास के लोगों की मदद से उन्होंने किसी तरह आग पर काबू किया। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया है।


