बिलासपुर में तस्करों ने 17 खैर पेड़ों को काटा:वन विभाग ने 107 लॉग्स जब्त किए, प्रभारी बोले- मामले की जांच जारी

बिलासपुर जिले में झंडूता वन विभाग ने घंडीर विट के गोचर क्षेत्र के जंगल में खैर के अवैध कटान का एक बड़ा मामला उजागर किया है। विभाग की टीम ने 17 पेड़ों के कुल 107 लॉग्स (तना) बरामद किए हैं, जिन्हें तीन अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा गया था। इस कार्रवाई से अवैध लकड़ी तस्करों में हड़कंप मच गया है। वन विभाग को गोचर क्षेत्र के जंगल में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर प्रभारी नरेंद्र कुमार के नेतृत्व में विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर सघन निरीक्षण और तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान, टीम को जंगल में तीन विभिन्न स्थानों पर खैर के पेड़ों को काटकर उनके लॉग्स छिपाकर रखे हुए मिले। मामले की जांच जारी वन विभाग की टीम ने तत्काल सभी 107 लॉग्स को कब्जे में लेकर नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह अवैध कटान सुनियोजित तरीके से किया गया था। आशंका है कि तस्कर इन लॉग्स को रात के समय वाहनों के माध्यम से जंगल से बाहर ले जाने की फिराक में थे, लेकिन वन विभाग ने समय रहते कार्रवाई कर दी। प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि गोचर के जंगल में इस प्रकार का अवैध कटान एक गंभीर अपराध है, जिससे वन संपदा को भारी नुकसान पहुंचता है। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा मामले की गहन जांच की जा रही है। अवैध कटान में शामिल लोगों की पहचान के लिए आसपास के गांवों में पूछताछ शुरू कर दी गई है। जल्द ही दोषियों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध कटान और वन तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *