बीएड डिग्रीधारी शिक्षकों ने नौकरी से निकालने की चेतावनी के बाद विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। अपनी नियुक्ति की समायोजन की मांग को लेकर उन्होंने सरगुजा से लेकर रायपुर तक पदयात्रा कर मुख्यमंत्री निवाास का घेराव करने का ऐलान किया है। मंगलवार को पदयात्री शिक्षकों को बिलासपुर जिले के रतनपुर में प्रशासन ने रोक दिया, जिस पर शिक्षकों ने जमकर हंगामा मचाया और नारेबाजी की। दरअसल, राज्य शासन ने करीब दो साल पहले शिक्षकों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू की थी। इस दौरान सरकार ने नियमों को दरकिनार करते हुए प्राइमरी व मिडिल स्कूलों मे बीएड डिग्रीधारी शिक्षकों को सहायक शिक्षक बना दिया। इसके खिलाफ डीएलएड शिक्षकों ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर दी। हाईकोर्ट में लंबी सुनवाई के बाद डीएलएड शिक्षकों के पक्ष में आदेश जारी किया गया। साथ ही बीएड डिग्रीधारी शिक्षकों की नियुक्ति को अवैध बताते हुए निरस्त करने का आदेश दिया। सुप्रीम कोर्ट से भी नहीं मिली राहत
राज्य सरकार के साथ ही बीएड डिगीधारी शिक्षकों ने हाईकोर्ट के आदेश को डिवीजन बेंच और फिर सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। लेकिन, वहां से भी उन्हें राहत नहीं मिली। सुप्रीम कोर्ट ने भी हाईकोर्ट के फैसले को सही ठहराया और राज्य शासन को आदेश दिया कि अवैध शिक्षकों की नियुक्ति निरस्त की जाए। अब अवमानना याचिका पर चल रही सुनवाई
इधर, राज्य शासन ने अब तक हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया है। जिसके चलते बीएड डिग्रीधारी शिक्षक स्कूलों में कार्यरत हैं। वहीं, डीएलएड अभ्यर्थियों को नियुक्ति नहीं दी जा रही है। इससे परेशान डीएलएड अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में न्यायालय की अवमानना याचिका दायर की है, जिसकी सुनवाई अभी लंबित है। खतरे में पड़ी नौकरी इसलिए शुरु किया विरोध-प्रदर्शन
हाईकोर्ट ने राज्य शासन को कोर्ट के आदेश का पालन करने के लिए अंतिम मौका दिया है, जिसके बाद राज्य शासन ने करीब तीन हजार बीएड डिग्रीधारी शिक्षकों को हटाकर उनकी जगह डीएलएड शिक्षकों की नियुक्ति की तैयारी कर ली है। शासन ने इन शिक्षकों को अल्टीमेटम दिया है। जिसके कारण बीएड डिग्रीधारी शिक्षकों की नियुक्ति खतरे में पड़ गई है। यही वजह है कि शिक्षक अपने भविष्य को लेकर काफी परेशान हैं। नौकरी बचाने के साथ ही समायोजन की मांग को लेकर बीएड डिग्रीधारी शिक्षक अंबिकापुर से रायपुर तक अनुयय पदयात्रा निकालकर सरकार को अपनी समस्या बता रहे हैं। प्रशासन ने रतनपुर में रोका, नाराज शिक्षकों ने जमकर मचाया हंगामा
शिक्षकों की अनुनय पदयात्रा मंगलवार को रतनपुर पहुंचा। इस दौरान शिक्षकों ने महामाया देवी दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस अफसर रतनपुर पहुंच गए। इस दौरान पुलिस ने उन्हें रायपुर जाने से रोक दिया। इस दौरान शिक्षकों ने नारेबाजी करते हुए जमकर हंगामा मचाया। उनका कहना है कि वो बस्तर और सरगूजा संभाग के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। 15 महीने तक काम करने के बाद अब सरकार उन्हें काम से बाहर निकाल रही है। अपनी मांगों को लेकर शिक्षक राजधानी रायपुर के लिए निकले हैं, जहां मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर वे अपनी समस्या से उन्हें अवगत कराएंगे।


