बिलासपुर में ठंड अब गायब सी हो गई है। फरवरी के पहले दिन से तेज धूप का असर दिखने लगा है। सोमवार को अधिकतम तापमान 33 डिग्री के पार हो गया, जिसके चलते दोपहर में गर्मी का एहसास होने लगा। दूसरी तरफ अब रात में भी ठंड का असर गायब हो गया है। न्यूनतम तापमान भी 20 डिग्री पर पहुंच गया, जिसके चलते रात में कम ठंड महसूस हुई। जिले में शहर से लेकर गांव तक मौसम में बदलाव दिख रहा है। जनवरी में ही दिन और रात का तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज होने लगा था। 30 जनवरी को अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस था जो सामान्य से 4 डिग्री अधिक था, वहीं रात का तापमान 16.5 डिग्री दर्ज हुआ था। लेकिन, एक फरवरी को गर्मी ने तीन साल का रिकार्ड तोड़ दिया और तापमान 36 डिग्री पर पहुंच गया। रात में ठंड गायब, सामान्य से 5 डिग्री अधिक रहा तापमान सोमवार की सुबह हल्की ठंड महसूस हुई। लेकिन, जैसे ही धूप निकली, फिर ठंड गायब हो गई। आसमान से धूप निकलते ही तापमान में वृद्धि होने लगी। धीरे-धीरे तापमान बढ़ने लगा। सुबह 10 बजे हल्की गर्मी महसूस हुई। धूप तेज होने के कारण दोपहर में गर्मी का असर दिखने लगा। दोपहर में अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री रिकार्ड किया गया। यह रविवार की तुलना में एक डिग्री कम रहा। रविवार को 34.6 डिग्री अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ था। बावजूद इसके मौसम में कोई असर नहीं दिखा। दोपहर बाद धूप की तेज कम होते ही टेम्परेचर कम होने लगा। रात में मौसम अच्छा रहा और न्यूनतम तापमान 20 डिग्री दर्ज हुआ जो कि सामान्य से 5.1 डिग्री अधिक रहा। इसके चलते रात में ठंड बेअसर रहा। तापमान में होगी बढ़ोतरी मौसम विज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों में तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी अफगानिस्तान और उससे लगे ईरान के ऊपर 3.1 किलोमीटर से 9.4 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से बिलासपुर समेत प्रदेश में पूर्व से हवा आ रही है, जिसके कारण न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन होने की संभावना नहीं है। लेकिन, बाद में तापमान में हल्की गिरावट आएगी। फिलहाल मौसम शुष्क बना रहेगा। 6-7 को गिर सकता है तापमान मौसम वैज्ञानिक डा.एचपी चंद्रा ने बताया कि बिलासपुर समेत प्रदेश में न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। इस बीच छह और सात फरवरी को न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। इस अवधि में बिलासपुर सहित प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि दिन के तापमान में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी जैसी कोई स्थिति नहीं है।


