बिलासपुर में भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला:2 प्रत्याशियों ने लिया नाम वापस, अब मेयर के 8 और पार्षद के 230 कैंडिडेट

बिलासपुर नगर निगम में मेयर के लिए भाजपा प्रत्याशी पूजा विधानी और कांग्रेस उम्मीदवार प्रमोद नायक के बीच सीधा मुकाबला होगा। शुक्रवार को अंतिम दिन मेयर के दो और पार्षद के 25 दावेदारों ने नाम वापस लिया। जिसके बाद अब मेयर के लिए 8 प्रत्याशी मैदान में हैं। कलेक्टोरेट में नाम वापसी के अंतिम दिन शुक्रवार को दोपहर तीन बजे तक भारी गहमागहमी रही। पार्षद के साथ ही मेयर चुनाव के लिए नामांकन भरने वालों के लिए भी नाम वापसी का अंतिम दिन रहा। पहले निर्दलीय मेयर उम्मीदवार ननकी राम पटेल ने नाम वापस लिया। इसके बाद समय समाप्त होने के कुछ ही समय पहले कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद नायक कलेक्टोरेट पहुंचे और दूसरे गेट से त्रिलोक श्रीवास पहुंचे। नायक की मौजूदगी में ​त्रिलोक ने नाम वापस लिया। 2 की नाम वापसी के बाद अब मेयर के चुनाव में 8 उम्मीदवार बच गए हैं। हालांकि, बिलासपुर के 13वें मेयर के लिए सीधा मुकाबला भाजपा प्रत्याशी एल.पद्मजा विधानी और कांग्रेस प्रत्याशी प्रमोद नायक के बीच ही है। इनके अलावा बसपा से आकाश मौर्य, आम आदमी पार्टी से खगेश चंद्राकर तो निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में राजकुमार निषाद, रमा नाविक, रेवती यादव और कमलेश पटेल मैदान में हैं। 2 दिन में 41 ने लिया नाम वापस दो दिन में 41 लोगों की नाम वापसी के बाद अब 230 प्रत्याशी चुनावी मैदान में बच गए हैं। इनमें 23 वार्ड ऐसे हैं, जहां वोटिंग भाजपा और कांग्रेस के बीच ही होगी। वहीं अन्य कई वार्डों में भाजपा और कांग्रेस प्रत्याशियों को निर्दलीय टक्कर दे रहे हैं। कुछ वार्डों में मुकाबला त्रिकोणीय देखने को मिल सकता है। प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित गुरुवार को 2, तो शुक्रवार को 39 लोगों ने अपने नाम वापस लिए। यानी, दो दिन में 41 प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया। जबकि 6 के नामांकन निरस्त हो गए। इस तरह नाम वापसी के बाद 69 वार्डों में प्रत्याशियों की संख्या 230 रह गई है। चूंकि वार्ड 13 में भाजपा प्रत्याशी रमेश पटेल निर्विरोध चुनाव जीत चुके हैं, इसलिए 11 फरवरी को 69 वार्डों के पार्षदों के लिए ही ​वोटिंग होगी। बता दें कि कई वार्डों में कांग्रेस ने निर्दलीय प्रत्याशी को बिठाकर मुकाबला रोचक बना दिया है। ज्यादा दावेदार कांग्रेस पार्टी के ही थे। दो दिन में 41 ने नाम वापस लिए हैं, जिनमें ज्यादातर वे कांग्रेसी नेता हैं, जिन्होंने चुनाव लड़ने अपने वार्डों से दावेदारी की ​थी। 5 लाख 6 हजार से अधिक मतदाता 11 फरवरी को नगर निगम के 509 मतदान केंद्रों में 2 लाख 51 हजार 322 पुरुष, 2 लाख 54 हजार 771 महिला और 69 अन्य सहित कुल 5 लाख 6 हजार 162 मतदाता अपना मेयर चुनने ईवीएम में वोट डालेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *