तस्वीर बिलासपुर के बंधवापारा, इमलीभाठा, चौबे कॉलोनी, जोरापारा की है। जहां जलभराव हो गया। ये स्थिति बिलासपुर जिले में 24 घंटे में 10 सेमी बारिश होने से हुई। 10 साल में चौथी बार जुलाई में इतना पानी गिरा है। पहली बार शहर के एक चौथाई क्षेत्र के घरों में पानी भर गया। बंधवापारा, इमलीभाठा, चौबे कॉलोनी, जोरापारा में पानी भरने से स्थिति खराब हो गई। घरों में तीन फीट तक पानी था। बिरकोना की ओर से खेत का पानी सीधे बंधवापारा की बस्ती में घुसता है। इसके समाधान के लिए निगम ने 5 करोड़ में इंदिरा विहार से कोनी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल तक 10 फीट चौड़ा नाला बनाया है। इस नाले को कोनी मेन रोड में कलवर्ट बनाकर सीधे एसटीपी के पास जोड़ा गया है। इसके बाद भी राहत नहीं है। रायपुर समेत छत्तीसगढ़ के कई शहरों में तेज बारिश, 2-3 दिन तक ऐसी ही झड़ी छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे से लगातार बारिश हो रही है। प्रदेश के कई स्थानों पर भारी से अतिभारी बारिश हुई। अर्जुंदा में सबसे ज्यादा 110 मिमी बारिश हुई। वहीं प्रदेश के पांच जिलों में 7 जुलाई को भारी से अतिभारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। सबसे ज्यादा दुर्ग संभाग के चार जिले भारी बारिश से प्रभावित रहेंगे। इसके अलावा राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। रायपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बस्तर संभाग व रायगढ़ जिले में भी रविवार को तेज बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को भी अधिकांश जगहों पर तेज बारिश होने की संभावना है।गंगेय पश्चिम बंगाल और उसके आसपास रविवार को एक कम दबाव का क्षेत्र बना। इससे जुड़ा हुआ एक चक्रवात भी है। यह अगले दो-तीन दिन में झारखंड, उत्तरी छत्तीसगढ़ होते हुए पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर आगे बढ़ेगा। एक द्रोणिका है, जो पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी भागों और उसके आसपास से होते हुए गुजरात, मध्यप्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, झारखंड होते हुए पश्चिम बंगाल की ओर बढ़ने की संभावना है। इन सिस्टम के असर से प्रदेश में अगले दो-तीन दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। कोरबा: घरों में घुसा पानी, बाढ़ में 33 लोग फंसे: कोरबा जिले में बारिश से 40 घरों में पानी भर गया था। इससे नाराज लोगों ने डिप्टी सीएम अरुण साव तथा उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के काफिले को रोक दिया। वहीं, पाली ब्लॉक के टाटी नाला और गुंजन नाला में भारी बारिश के कारण आई बाढ़ से 33 लोग फंस गए हैं। कोरिया: खेत में करंट फैला, युवती की मौत : कोरिया जिले के पटना में आकाशीय बिजली गिरने से हाइटेंशन तार खेत में गिर गया। करंट फैलने से रोपा लगा रही ज्योति की मौत हो गई, जबकि दो झुलस गए हैं। अंबिकापुर: बारिश से जलभराव,बाइक बही: सरगुजा संभाग में बीते 48 घंटों से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। अंबिकापुर शहर के निचले इलाके जलमग्न हो गए। घुटरापारा और कुंडला सिटी में घरों में पानी भर गया और एक युवक की बाइक तेज बहाव में बह गई। एमसीबी: हसदेव उफान पर, स्कूलों की छुट्टी: मनेंद्रगढ़-सोनहत-भरतपुर (एमसीबी) जिले में हसदेव नदी उफान पर है। एनएच-43 का हिस्सा पानी में डूब गया है और स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई है। रायपुर में भी तेज बारिश
मानसून आने के बाद राजधानी रायपुर में रविवार को बारिश की पहली झड़ी लगी। दिनभर रुक-रुककर पानी गिरता रहा। सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक यानी 9 घंटे में 17 मिमी बारिश हुई। रिमझिम बारिश के कारण दिनभर मौसम ठंडा रहा। दिन का तापमान सामान्य से पांच डिग्री तक नीचे चला गया।


