बिलासपुर में मकर संक्रांति पर खिचड़ी का भोग और लंगर:नैना देवी मंदिर में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, हजारों भक्तों ने लिया आशीर्वाद

बिलासपुर के प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री नैना देवी जी मंदिर में मकर संक्रांति और लोहड़ी का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर प्राचीन परंपराओं का निर्वहन श्रद्धा और भक्ति के साथ किया गया। मकर संक्रांति के शुभ अवसर पर माता श्री नैना देवी जी को विशेष रूप से खिचड़ी का भोग लगाया गया। मंदिर के सदाव्रत लंगर में श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी का भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। लोहड़ी के पर्व पर पारंपरिक रूप से अंगीठा जलाकर पूजन का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मंदिर के मुख्य पुजारी तरुणेश शर्मा ने बताया कि मकर संक्रांति पर प्राचीन परंपराओं का पूरी श्रद्धा के साथ पालन किया जा रहा है। देश-विदेश से आए हजारों श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त किया। पटियाला से आए श्रद्धालु विकास गुप्ता ने कहा कि यहां का वातावरण मन को शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। मंदिर न्यास द्वारा आयोजित इस विशेष पूजा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्तों ने न केवल दर्शन किए बल्कि अपने परिवार की खुशहाली के लिए प्रार्थना भी की। इस पावन अवसर पर मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल से सराबोर रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *