बिलासपुर में मजदूर के घर से 14 लाख कैश मिले:पति बोला-पत्नी लेकर आई, लंबे समय से पैसा रखने का शक; जांच में जुटी पुलिस

बिलासपुर में मधुबन नारियल कोठी के अटल आवास में एक मजदूर के घर से 14 लाख रुपए नकद बरामद हुआ है। शनिवार (6 दिसंबर) को पुलिस ने घर की अलमारी में एक बैग बाहर निकाला जिसमें पैसे अंदर छिपाकर रखे हुए थे। बंडल में सभी 500-500 रुपए के थे। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पूछताछ में मजदूर ने पुलिस को बताया कि सारे रुपए उसकी पत्नी ने लाए गए थे। पुलिस ने विजेंद्र बैस को गिरफ्तार कर पत्नी की तलाश शुरू कर दी है। बता दें कि पति-पत्नी की संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस उनके घर पहुंची थी। पुलिस को शक है कि पैसे बहुत दिनों से छिपाए गए थे। पत्नी बर्तन धोने का काम करती है कोतवाली थाना क्षेत्र के नारियल कोठी मधुबन स्थित अटल आवास निवासी विजेंद्र बैस (38) मजदूरी करता है। उसकी पत्नी घर में बर्तन धोने का काम करती है। दोनों पिछले कुछ दिनों से लगातार खर्च कर रहे थे। उन्होंने घर पर बड़ा ताला लगाना शुरू कर दिया। इसके अलावा नई स्कूटी खरीदी और दूसरी जगह घर निर्माण का काम भी शुरू किया। इसकी भनक पुलिस को लगी। जिसके बाद कोतवाली पुलिस, तारबाहर और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने शनिवार को विजेंद्र बैस के घर पर दबिश दी। जांच के दौरान घर की अलमारी में रखे एक बैग के अंदर से 500-500 रुपए के बंडल पाए गए। कुल रकम 14 लाख रुपए थी। पुलिस ने रुपए के संबंध में पूछताछ की, लेकिन विजेंद्र आय का कोई प्रमाण या दस्तावेज पेश नहीं कर सका। सख्ती करने पर उसने रुपए पत्नी द्वारा घर लाने की बात बताई। पुलिस ने सारे रुपए जब्त कर विजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, उसकी पत्नी की तलाश जारी है। नोटों से बदबू, लंबे समय से रुपए छिपाने का शक जब्त किए गए नोटों में नमी की बदबू आने के कारण पुलिस को लगता है कि रुपए लंबे समय से घर में छिपाकर रखे गए थे। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि ये रुपए गलत गतिविधियों से हासिल किए गए थे या बड़े लोगों द्वारा रेड आदि से बचाने के लिए उनके घर रखवाए गए थे। पत्नी अलमारी छूने नहीं देती थी पुलिस पूछताछ में विजेंद्र ने बताया कि उसकी पत्नी उसे अलमारी तक छूने नहीं देती थी। अलमारी खोलने और बंद करने के बाद चाबी वह खुद रखती थी। मामले के कई अनसुलझे सवालों के जवाब पत्नी की गिरफ्तारी के बाद ही मिल पाएंगे। फिलहाल पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *