बिलासपुर में सरकार का पुतला फूंका, पुलिस देखती रही:सरकारी जमीन दरों में वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, नए अध्यक्षों ने दिखाया जोश

बिलासपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार का पुतला फूंका। पुलिस पुतले को जलने से बचाने के लिए प्रयास करती रही, लेकिन सफल नहीं हो पाई। पुलिस को चकमा देते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दो पुतलों का इंतजाम किया था। जब पुलिस पहले पुतले को छीनने में व्यस्त थी, तब भीड़ में छिपाकर रखे दूसरे पुतले को आनन-फानन में आग लगा दी गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। यह प्रदर्शन जमीनों की सरकारी दरों में बढ़ोतरी के विरोध में कांग्रेस के प्रदेशव्यापी आह्वान के तहत किया गया। दोपहर में कांग्रेस भवन से शहर कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा और ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री के नेतृत्व में जुलूस निकाला गया। नए अध्यक्षों के नेतृत्व में पहला प्रदर्शन नए अध्यक्षों के नेतृत्व में यह उनका पहला प्रदर्शन था, जिसमें कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला। प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी, पूर्व शहर अध्यक्ष विजय पांडे, जावेद मेमन, पूर्व विधायक सियाराम कौशिक, राकेश शर्मा, लकी यादव, पूर्व पार्षद स्वर्णलता शुक्ला और सीमा घृतेश सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कांग्रेस का आरोप- भाजपा सरकार ने जनविरोधी तरीके से जमीनों की दरें बढ़ाई शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सिद्धांशु मिश्रा ने भाजपा सरकार पर जनविरोधी नीति अपनाने और सरकारी खजाना भरने के लिए जमीनों की दरों में बढ़ोतरी करने का आरोप लगाया। मिश्रा ने कहा कि जमीन की सरकारी दरों में 7 से 8 गुना तक की वृद्धि की गई है, जिससे स्टांप शुल्क और रजिस्ट्री पर सीधा असर पड़ रहा है। रजिस्ट्री शुल्क में भारी बढ़ोतरी के कारण लोगों ने संपत्तियों की रजिस्ट्री कराना बंद कर दिया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने बढ़ाई गई जमीन की दरों को कम नहीं किया, तो कांग्रेस इस मुद्दे पर और उग्र आंदोलन करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *