बिलासपुर में स्वच्छता दीदियों का विशेष सम्मान:सीएम साय करेंगे 260 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण, 9 हजार दीदियां होंगी शामिल

बिलासपुर के बहतराई स्टेडियम में 12 अगस्त को ‘स्वच्छता संगम-2025’ का आयोजन किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय स्वच्छता दीदियों का पद-प्रक्षालन कर उन्हें सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में 260 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन होगा। इस अवसर पर स्वच्छ सर्वेक्षण-2024-25 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नगरीय निकायों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव और केन्द्रीय आवास मंत्री तोखन साहू समेत कई विधायक शामिल होंगे। इनमें धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, धर्मजीत सिंह, दिलीप लहरिया, सुशांत शुक्ला और अटल श्रीवास्तव शामिल हैं। बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी। कार्यक्रम में नगर निगमों के पदाधिकारी भाग लेंगे स्वच्छता संगम में राज्य के सभी नगर निगमों के पदाधिकारी भाग लेंगे। इनमें महापौर, सभापति, स्वास्थ्य विभाग के प्रभारी सदस्य शामिल हैं। साथ ही नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष भी मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम में करीब 9 हजार स्वच्छता दीदियों को आमंत्रित किया गया है। नगरीय प्रशासन विभाग के सचिव डॉ. बसवराजु एस. के अनुसार, स्वच्छ सर्वेक्षण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सात नगरीय निकायों को पहले ही राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। इस कार्यक्रम में इनके अलावा संभाग स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 30 से अधिक नगरीय निकायों को भी सम्मानित किया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *