बिलासपुर में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूरी:पुलिस ग्राउंड में हुआ फुल ड्रेस रिहर्सल, डिप्टी सीएम साव करेंगे ध्वजारोहण,तोखन साहू ने निकाली तिरंगा बाइक रैली

बिलासपुर में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां पूरी हो गई हैं। पुलिस परेड ग्राउंड में उप मुख्यमंत्री अरुण साव राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे। सोमवार को पुलिस परेड ग्राउंड में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का अंतिम फुल ड्रेस रिहर्सल हुआ। वहीं बिलासपुर में मंगलवार को तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की अगुवाई में भाजपा नेताओं ने जगमल चौक से बाइक रैली निकाली। इसी दिन सीआरपीएफ के जवानों ने भी भरनी बटालियन से तिरंगा बाइक रैली निकाली। कलेक्टर और SP ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा कलेक्टर संजय अग्रवाल और पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने परेड ग्राउंड में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कलेक्टर ने अधिकारियों को राष्ट्रीय पर्व की गरिमा के अनुरूप तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। रिहर्सल में संयुक्त कलेक्टर एसएस दुबे ने मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई। परेड सलामी और मार्च पास्ट का अभ्यास कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का स्वागत, ध्वजारोहण, परेड सलामी और मार्च पास्ट का अभ्यास किया गया। परेड कमांडों से परिचय और पुरस्कार वितरण की प्रक्रिया भी दोहराई गई। स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। बता दें कि जिला मुख्यालय बिलासपुर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को उप मुख्यमंत्री अरुण साव झंडा फहरायेंगे। मुख्य समारोह स्थल स्थानीय पुलिस परेड मैदान में सुबह 9 बजे से शुरू होगा। मिनट टू मिनट कार्यक्रम 8.59 बजे अरुण साव का कार्यक्रम स्थल पर आगमन, 9 बजे ध्वजारोहण, 9.02 बजे राष्ट्रगान, 9.05 बजे परेड का निरीक्षण, 9.15 बजे मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन, 9.35 बजे हर्ष फायर, 9.40 बजे मार्च पास्ट, 9.55 बजे स्कूली बच्चों का रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और 10.30 बजे पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र वितरण किया जाएगा। तिरंगा हमारी आन, बान और शान- तोखन साहू केंद्रीय राज्य मंत्रा तोखन साहू की अगुवाई में निकाली गई बाइक रैली जगमल चौक से शुरू होकर गांधी चौक, हटरी चौक, जवाली नाला, सिटी कोतवाली चौक, गोल बाजार, सदर बाजार और देवकीनंदन दीक्षित चौक होते हुए नेहरू चौक पर समाप्त हुई। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि, तिरंगा यात्रा का अभिप्राय देश की एकता और अखंडता को सुनिश्चित करना है। तिरंगा हमारी आन बान और शान का प्रतीक है। तिरंगा के सम्मान की खातिर हमारा जीवन समर्पित है। तोखन साहू ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई की कविता का वाचन करते हुए कहा कि, भारत जमीन का टुकड़ा नहीं, जीता जागता राष्ट्रपुरुष है। हिमालय मस्तक है, कश्मीर किरीट है,पंजाब और बंगाल दो विशाल कंधे हैं। पूर्वी और पश्चिमी घाट दो विशाल जंघायें हैं। कन्याकुमारी इसके चरण हैं, सागर इसके पग पखारता है। यह चन्दन की भूमि है, अभिनंदन की भूमि है, यह तर्पण की भूमि है, यह अर्पण की भूमि है। इसका कंकर-कंकर शंकर है, इसका बिन्दु-बिन्दु गंगाजल है। हम जियेंगे तो इसके लिए,मरेंगे तो इसके लिए। राष्ट्रीय ध्वज सही तरीके से फहराने के नियमों की जानकारी सीआरपीएफ अधिकारी और जवानों ने मंगलवार को तिरंगे से सजी मोटर साइकिलों पर रैली निकाल कर लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भागीदारी का संदेश दिया। बटालियन केंद्र भरनी से निकली रैली में देशभक्तिपूर्ण गीतों के साथ ‘भारत माता की जय’ ‘वंदे मातरम्’ और हर घर तिरंगा के नारे गूंजते रहे। जवानों ने लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और सही तरीके से फहराने के नियमों की भी जानकारी दी। स्वतंत्रता सबसे बड़ा वरदान- कैप्टन राजकुमार कार्यक्रम में उप महानिरीक्षक कैप्टन राजकुमार ने कहा कि, स्वतंत्रता किसी भी देश के लिए सबसे बड़ा वरदान है। अपने देश के विकास के लिए काम करना और अपने राष्ट्र गौरव की रक्षा करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है उन्होंने सभी से अपने घर, कार्यालय और संस्थानों में तिरंगा फहराने की अपील की। इस मौके पर कमांडेंट मनोज कुमार, डिप्टी कमांडेंट नील कुमार भारद्वाज, शैलेन्द्र सिंह, सहायक कमांडेंट विवेकानंद प्रसाद समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और सीआरपीएफ के जवान और स्कूली छात्र, छात्राएं मौजूद रहे। स्वतंत्रता दौड़ में उमड़े हजारों लोग बिलासपुर में स्वतंत्रता दिवस के पूर्व खेल और युवा कल्याण विभाग ने स्वतंत्रता दौड़ का आयोजन किया। बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला और महापौर पूजा विधानी ने दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। नेहरू चौक से शुरू हुई यह दौड़ शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए लाल बहादुर शास्त्री स्कूल तक पहुंची। कलेक्टर संजय अग्रवाल और एसएसपी रजनेश सिंह ने भी दौड़ में हिस्सा लेकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। दौड़ के दौरान पूरा शहर वंदे मातरम और भारत माता के जयकारों से गूंज उठा। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खिलाड़ी और स्कूली बच्चों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। तिरंगा देश के सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक देवकीनंदन सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में विधायक शुक्ला ने कहा कि तिरंगा देश के सम्मान और स्वाभिमान का प्रतीक है। उन्होंने युवा पीढ़ी से आजादी के महत्व को समझने और देश की प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया। महापौर पूजा विधानी ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ में सभी आयु वर्ग और समाज के हर वर्ग के लोगों ने भागीदारी की। उन्होंने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक को यह अहसास होना चाहिए कि हमारी आजादी शहीदों की कुर्बानी का परिणाम है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *