बिलासपुर में DSP के परिवार का बहिष्कार:इंटरकास्ट मैरिज करने पर आदिवासी कंवर समाज ने दी सजा, परिवार के लोगों को किया जा रहा प्रताड़ित

बिलासपुर में तंवर समाज के लोगों के DSP और उसके परिवार के लोगों का बहिष्कार करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि DSP के इंटरकास्ट मैरिज करने पर उसके परिवार के लोगों का समाज के अध्यक्ष सहित अन्य सदस्य प्रताड़ित कर रहे हैं। इस मामले की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामला कोटा थाना क्षेत्र का है। मूलत: ग्राम नुनेरा निवासी डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह पुलिस विभाग में DSP के पद पर पदस्थ हैं। वो सकरी आसमा सिटी में रहते हैं। परिवार के सदस्य गृह ग्राम में रहते हैं। जिसमें भाई-बहन शामिल हैं। उन्होंने सरगुजा के नान दमाली की लड़की से शादी की है। इंटरकास्ट मैरिज करने पर समाज ने दी सजा
DSP मेखलेन्द्र प्रताप सिंह वर्तमान में सरगुजा संभाग में पदस्थ हैं। उन्होंने इंटरकास्ट मैरिज किया है। शादी के बाद सतगढ़ तंवर समाज के अध्यक्ष सहित पदाधिकारियों ने बैठक बुलाई, जिसके बाद उनके और परिवार का बहिष्कार कर दिया। समाज ने बनाई है अपनी नियमावली
सतगढ़ तंवर समाज ने दंड विधान एवं नियमावली बनाई है, जिसके पृष्ठ क्रमांक 5 दंड विधान प्रारूप-1 में सामाजिक अपराध खंड (व) उपखंड 2 में इंटरकास्ट मैरिज को अपराधिक कृत्य बताया गया है। बैठक में तय किया गया कि डॉ. सिंह ने सामाजिक नियमों के विरुद्ध अंतरजातीय विवाह कर अपने आप को सतगढ़ तंवर समाज से अलग कर चुके हैं। इस आधार पर केन्द्रीय एवं शाखा कार्यकारिणी की मौजूदगी में प्रस्ताव पारित कर उन्हें समाज से अलग मानने और भविष्य में किसी भी सामाजिक कार्यक्रम में सम्मिलित न करने का निर्णय लिया गया। वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने वाले पदाधिकारी व सदस्यों पर भी कार्रवाई
समाज ने अपने दंड विधान में शोक और विवाह संस्कार के लिए अलग नियम बनाया है। जिसका उल्लंघन करने पर उसे अपराध की श्रेणी में रखा गया है। बैठक में यह भी चर्चा की गई कि सतगढ़ तंवर समाज के कुछ पदाधिकारी और सदस्य भी डॉ. सिंह के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। हालांकि, इसकी पुष्टि नहीं हुई है। बैठक में कहा गया कि समाज के समक्ष ऐसे पदाधिकारियों की पुख्ता जानकारी देने पर आगामी वार्षिक सम्मेलन में उन्हें सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होने से प्रतिबंधित किया जाएगा। समाज के नियम के खिलाफ बताई शादी
समाज के अध्यक्ष मनोहन प्रताप सिंह, विरेन्द्र कुमार सिंह, श्रवण सिंह, महेन्द्र पाल सिंह ने बैठक में कहा कि मेखलेंद्र ने शादी कर समाज के नियम के खिलाफ काम किया है। इस वजह से उनके परिवार का बहिष्कार होना चाहिए। बैठक के बाद 28 अप्रैल 2025 सामाजिक लेटर पैड में आदेश जारी कर समाज से बहिष्कृत कर दिया गया। इसका विरोध करने पर उनके भाई-बहन से गाली-गलौज जान से मारने की धमकी दी गई। इस मामले की शिकायत पर पुलिस ने समाज के अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *