बालाघाट जिले के वारासिवनी क्षेत्र के कायदी में आयोजित ऑल इंडिया वॉलीबॉल प्रतियोगिता का खिताब बिलासपुर रेलवे ने जीत लिया है। गुरुवार देर रात खेले गए फाइनल मुकाबले में बिलासपुर ने राजस्थान टीम को 3-2 से पराजित किया। यह चार दिवसीय टूर्नामेंट संजय वॉलीबॉल क्लब कायदी के तत्वावधान में आयोजित किया गया था। फाइनल मैच में बिलासपुर की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। इस प्रतियोगिता में गुजरात, बिलासपुर रेलवे, आजमगढ़, एपी ग्रुप, पंजाब, राजस्थान और सागर आर्मी सहित कई टीमों ने हिस्सा लिया था। समापन समारोह में अतिथि सांसद भारती पारधी ने विजेता टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर जीत के लिए प्रयास करना चाहिए। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में बिलासपुर रेलवे को 33,333 रुपए नकद और एक शील्ड प्रदान की गई, जबकि राजस्थान की टीम को द्वितीय पुरस्कार के तौर पर 22,222 रुपए और एक शील्ड मिली। इस अवसर पर पूर्व मंत्री प्रदीप जायसवाल, भाजपा नेता आनंद कोछड़, जितेंद्र नगरगड़े सहित अन्य अतिथि और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौजूद रहे।


