बिलासपुर से रायपुर तक की सड़कें आने वाले समय में सिक्सलेन होंगी। इससे बिलासपुर से रायपुर का सफर आसान हो जाएगा। इसके लिए NHAI जल्द ही सर्वे कराएगा। डीपीआर बनाकर उसे मंजूरी के लिए केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। वर्तमान में रायपुर से सिमगा तक ही सिक्सलेन सड़क है। जबकि, सिमगा से बिलासपुर तक फोरलेन सड़क है। सिक्सलेन सड़क बनने के बाद बिलासपुर से रायपुर महज 1.50 घंटे में पहुंचा जा सकेगा। दरअसल, जब रायपुर-बिलासपुर के बीच फोरलेन सड़क बन रही थी, तभी इसे सिक्सलेन बनाने की मांग की जा रही थी। क्योंकि, यह प्रदेश की सबसे ज्यादा व्यस्त मार्ग है। इस सड़क पर प्रतिदिन 8 से 10 हजार वाहन गुजरते हैं। रायपुर की सफर के लिए सर्वाधिक लाइट व्हीकल गाड़ियां इस मार्ग पर चलती है। इसके चलते इस मार्ग पर पूरे दिन वाहनों की आवाजाही बनी रहती है। यही वजह है कि अब बिलासपुर से सिमगा तक फोरलेन सड़क को सिक्सलेन बनाने की तैयारी की जा रही है। इसका सर्वे कब तक होगा इसका खुलासा फिलहाल एनएच के अफसरों ने नहीं किया है। लेकिन यह यह सर्वे जल्द होने की बात कही जा रही है। बता दें कि वर्तमान में सिमगा से बिलासपुर तक फोर लेन है और दो लेन का निर्माण और कराया जाएगा। अफसरों ने किया नजरअंदाज, अब जगी उम्मीद एनएचएआई के अफसरों ने प्रदेश की इस व्यस्ततम सड़क पर ध्यान नहीं दिया। जिसके चलते शुरुआत में ही फोरलेन सड़क को सिक्सलेन नहीं बनाया गया। अब देर से ही सही। अफसरों ने सिक्सलेन सड़क बनाने की कार्ययोजना तैयार की है। सर्वे के बाद प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। 77.95 किमी में होगा 2 लेन का काम सिमगा से बिलासपुर तक टू लेन के निर्माण में सिमगा से सरगांव 42.45 किमी और सरगांव से बिलासपुर 35.50 किमी कुल 77.95 किमी में टू लेन का काम होगा। सिक्सलेन करने में कितनी राशि खर्च होगी, यह डीपीआर बनने के बाद ही खुलासा होगा। एनएचएआई अधिकारी गौरव शुक्ला के अनुसार, अभी प्रक्रिया चल रही है। इसलिए कुछ समय बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। सर्वे के बाद तय होगा कितनी जमीन का होगा अधिग्रहण फिलहाल इस प्रोजेक्ट में सर्वे होगा। जिसके बाद ही स्थिति साफ हो पाएगी कि सिमगा से बिलासपुर तक सड़क निर्माण में कितनी जमीन अधिगृहीत की जाएगी और कितने पेड़ काटे जाएंगे। फोरलेन सड़क पहले ही बन चुकी है। अब सिक्स लेन के लिए टू लेन सड़क और बनाई जाएगी। 1478 करोड़ रुपए में पूरा हुआ था फोरलेन का काम बिलासपुर से रायपुर तक फोरलेन का काम साल 2016 में शुरू हुआ था। जिसे तीन पार्ट में पूरा किया गया था। बिलासपुर से सरगांव और सरगांव से सिमगा तक फोरलेन सड़क बनाई गई थी। सिमगा से रायपुर तक सिक्सलेन सड़क बनाई गई। बिलासपुर से सरगांव तक के फोरलेन का ठेका दिलीप बिल्डकॉन को मिला था। कंपनी ने 36.50 किमी का काम साल 2018 में पूरा कर लिया था। इस प्रोजेक्ट को पूरा हुए अब 7 साल बीत चुके हैं। बिलासपुर से रायपुर तक फोरलेन का पूरा काम 1478 करोड़ रुपए की राशि से हुआ था।


