डीडवाना-कुचामन पुलिस ने ग्राम बिल्लू में एक युवक पर फायरिंग के गंभीर मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 12 दिसंबर को पुरानी रंजिश के चलते हुई थी, जिसमें विपिन मेघवाल नामक युवक घायल हो गया था। पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने पहले विपिन मेघवाल के साथ मारपीट की और फिर उसे जान से मारने की नीयत से अवैध हथियार से गोली मार दी। पीड़ित के दाहिनी ओर 2 गोलियां लगीं। उसे इलाज के लिए पहले परबतसर और बाद में हाई सेंटर रेफर किया गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए सर्किल और जिला स्तर पर एक विशेष टीम गठित की गई थी। इस टीम ने बिल्लू, हुलढाणी, किनसरिया, मांडण, बिदियाद, परबतसर, मकराना, कुचामन सहित जयपुर, सीकर, कोटपूतली, अलवर जैसे विभिन्न क्षेत्रों में सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों और सघन मुखबिरी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहकर आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी पोस्ट के माध्यम से युवाओं को गुमराह करने का प्रयास भी कर रहे थे। गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र सिंह उर्फ जीतू बन्ना (24) निवासी हुलढाणी, थाना बडू, जिला डीडवाना-कुचामन और अनिल वर्मा (24) निवासी भगेगा, थाना नीम का थाना, जिला सीकर, शामिल हैं।


