हनुमानगढ़ में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (पीएचईडी) ने पेयजल बिल बकाया होने पर कनेक्शन काटने की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग ने मार्च में संभावित नहरबंदी और आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए पेयजल आपूर्ति सुचारु रखने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को अधीक्षण अभियंता विजय वर्मा की अध्यक्षता में हनुमानगढ़, नोहर और भादरा खंडों की समीक्षा बैठक हुई। इसमें ग्रीष्मकालीन कंटीजेंसी प्लान और नहरबंदी के दौरान आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को फरवरी माह तक नहरबंदी से प्रभावित होने वाले कार्यों की निविदा प्रक्रिया शुरू कर वर्क ऑर्डर जारी करने को कहा गया। बैठक में पेयजल राजस्व वसूली को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। अधीक्षण अभियंता वर्मा ने बताया कि एक लाख रुपए से अधिक बकाया वाले उपभोक्ताओं की वृत्त स्तर पर सघन निगरानी की जाएगी। कम बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं की भी अलग-अलग सूचियां तैयार की गई हैं। सरकारी विभागों के बकाया बिलों की भी अलग सूची बनाई गई है, जिससे 20 से 25 लाख रुपए तक का राजस्व मिलने की संभावना है। वसूली अभियान अगले सप्ताह से पूरे हनुमानगढ़ जिले में शुरू होगा, जिसमें पांच हजार रुपए से अधिक बकाया पानी के बिलों की वसूली की जाएगी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित राजस्व लक्ष्य को अगले दो माह में हर हाल में पूरा किया जाएगा। निर्धारित समय में बिल जमा न कराने वाले उपभोक्ताओं के पेयजल कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी साथ-साथ की जाएगी। अधीक्षण अभियंता विजय वर्मा ने उपभोक्ताओं से समय पर बिल जमा कराने और यदि बिल प्राप्त न हुआ हो तो स्वयं निकलवाकर भुगतान करने की अपील की, ताकि निर्बाध पेयजल आपूर्ति बनी रहे। बैठक में एक्सईएन मनिन्द्र गोदारा, हेमन्त कुमार, एईएन दीपक गोदारा, अमित खीचड़, उपदेश अग्रवाल, प्रमोद कुमार, अरुणदीप सिंह और दीक्षा पूनिया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


