गोड्डा पुलिस ने पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम में 17 जनवरी को महिला पर हुई फायरिंग मामले का 72 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। बिहार के एक जज की पत्नी वंदना कुमारी पर यह जानलेवा हमला तब हुआ था, जब वह गोड्डा कोर्ट से गवाही देकर लौट रही थीं। गोड्डा एसपी मुकेश कुमार ने बुधवार को बताया कि घायल वंदना कुमारी का अपने पति संतोष कुमार साह के साथ तलाक का मुकदमा चल रहा था। इसी विवाद के चलते उनके पति ने पत्नी की हत्या की साजिश रची थी। जज के भाई समेत तीन गिरफ्तार
जांच में सामने आया है कि बिहार के समस्तीपुर में तैनात जज पति ने अपने छोटे भाई सुबोध कुमार साह के साथ मिलकर पत्नी से छुटकारा पाने के लिए 2 लाख रुपए की सुपारी दी थी। पुलिस के अनुसार, संतोष कुमार साह घटनास्थल पर मौजूद नहीं थे,उन्हें नोटिस भेजकर पूछताछ की जाएगी। इस मामले में श्याम कुमार साह, जज के छोटे भाई सुबोध कुमार साह और सुबोध के दोस्त मोहम्मद आरिफ को गिरफ्तार किया गया है। ये तीनों भागलपुर जिले के कहलगांव थाना क्षेत्र के निवासी हैं। वारदात में 6 लोग थे शामिल
पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने 17 जनवरी को इस घटना को अंजाम दिया था। वंदना कुमारी पर गोली चलाई गई थी, जिसमें उन्हें दो गोलियां लगी थीं और वह घायल हो गईं थीं। पुलिस के अनुसार, इस वारदात में कुल 6 लोग शामिल थे, जिनमें से तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। शेष तीन अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। घटना को अंजाम देने के लिए कुल चार अपराधी दो बाइक पर आए थे। सुबोध अलग बाइक से आया था। पुलिस ने घटनास्थल से खोखा बरामद किया था। इसके अलावा, घटना में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिलें, तीन हेलमेट, तीन मास्क और एक देशी कट्टा भी जब्त किया गया है। ये सभी सामान घटना के बाद आरिफ के घर में रखे गए थे। 2019 में हुई थी शादी, एक साल बाद तलाक का केस वंदना के मुताबिक, उसकी शादी वर्ष 2019 में कहलगांव निवासी संतोष कुमार साह से हुई थी। उस समय पति कोचिंग चलाकर गुजारा करते थे। वंदना ने बताया, ‘नौकरी मिलने के बाद उनका नेचर बदल गया। मुझे 15 लाख के दहेज के लिए परेशान किया जाने लगा। शादी के एक साल बाद 2020 में झारखंड के गोड्डा में दहेज उत्पीड़न का मैंने केस दर्ज कराया। इसके बाद पति की ओर से तलाक का केस किया गया।’


