कोडरमा रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब तस्करी के मामले में 4 युवकों को गिरफ्तार किया है। आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार के अनुसार, तिलैया थाना क्षेत्र के भादोडीह से कुछ संदिग्ध युवक कंधों पर बैग लेकर कोडरमा जंक्शन की ओर आ रहे थे। सूचना मिलते ही टीम ने कार्रवाई की और भागने का प्रयास कर रहे युवकों को पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोनू कुमार (पिता छोटू नारायण चौधरी), रवि रंजन कुमार (पिता महेंद्र चौधरी), दीपक कुमार (पिता उपेंद्र चौधरी) और ध्यानचंद कुमार (पिता महेश चौधरी) के रूप में हुई है। सभी आरोपी बिहार के गया जिले के निवासी हैं। जांच में पता चला कि इन युवकों का पहले कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। बैग से मिला विभिन्न ब्रांड का शराब आरपीएफ द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सतर्क’ अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों के बैग से विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद की गई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस शराब को बिहार ले जाकर बेचने की योजना बना रहे थे। आरपीएफ ने सभी आरोपियों को आगे की कार्रवाई के लिए उत्पाद विभाग कोडरमा को सौंपने की बात कही है। शराब पकड़ने में कोडरमा स्टेशन अव्वल आरपीएफ प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि बीते वर्ष 2024 में शराब को लेकर आरपीएफ थाना में कुल 81 मामले दर्ज हुए हैं। जिसमें कुल छः लाख पांच हजार रुपए के शराब की जब्ती हुई है और 63 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उत्पाद विभाग को सुपुर्द किया जा चुका है। इस मामले में कोडरमा पूरे धनबाद रेल मंडल प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि आगे भी अवैध शराब के खिलाफ कार्यवाही चलती रहेगी।


