भास्कर न्यूज | सवाई माधोपुर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में 3 से 7 फरवरी 2025 तक पीएम श्री योजना के तहत बैगलेस डे गतिविधि और बिहू नृत्य कार्यशाला आयोजित हुई। रूट टू रूट संस्था की आर्टिस्ट रितुपर्णा गोस्वामी ने छात्राओं को बिहू नृत्य का प्रशिक्षण दिया। छात्राओं ने नृत्य की बारीकियां सीखीं। बैगलेस डे कार्यशाला में थिएटर आर्टिस्ट हिम्मत सिंह नेगी और नीरज डंगोरिया ने कक्षा 6 से 8 तक के बच्चों को एकाभिनय, नाटक और समूह गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया। समापन समारोह में विद्यालय के प्राचार्य राजेश्वर सिंह ने बताया कि यह कार्यक्रम पीएम श्री गतिविधि के तहत हुआ। विद्यार्थियों ने बिहू नृत्य को तन्मयता से सीखा। बैगलेस डे गतिविधियों से बच्चों में आत्मविश्वास और रचनात्मकता बढ़ी। इस आयोजन से करियर के प्रति चेतना, अनुशासन, नैतिक मूल्यों के प्रति सजगता और समाज में व्याप्त कुरीतियों के प्रति जागरूकता बढ़ी। समस्या समाधान और जन सहभागिता पर भी बच्चों को जानकारी मिली। कार्यशाला के अंत में छात्र-छात्राओं ने लघु नाटकों के माध्यम से सामाजिक संदेश दिए। कार्यक्रम में शिक्षक भैंरुलाल जांगिड़, अरविंद मीना, मुकेश चंद और चंद्रमोहन कुमावत सहित कई लोग मौजूद रहे।


