बीएन गोल्ड रियल एस्टेट कंपनी के दो निदेशक गिरफ्तार:5.53 करोड़ की निवेश धोखाधड़ी में मध्यप्रदेश से चरण सिंह और विक्रम सिंह को पकड़ा

मुंगेली पुलिस ने बीएन गोल्ड रियल एस्टेट एंड एलाइड लिमिटेड कंपनी के दो निदेशकों को निवेश धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया है। आरोपी चरण सिंह ठाकुर और विक्रम सिंह सोनालिया को मध्यप्रदेश के सिहोर जिले से पकड़ा गया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कंपनी के निदेशक के रूप में काम करते हुए निवेशकों से 5 करोड़ 53 लाख 22 हजार 722 रुपए की धोखाधड़ी की। मामले की शुरुआत जून 2013 में हुई, जब कंपनी के अभिकर्ता कन्हैया साहू ने एक निवेशक को योजना में शामिल किया। कंपनी ने निवेशकों को 5 साल तक हर महीने 1000 रुपए जमा करने पर मूलधन के साथ 24,000 रुपए ब्याज देने का वादा किया था। अप्रैल 2016 में समाचार पत्रों से कंपनी के फर्जी होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने धोखाधड़ी, चिट फंड एक्ट और निवेशक संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया। इससे पहले इस मामले में 9 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें विनय कुमार यादव, विकास भारती, अनिल कुमार शर्मा, गुरुविंदर सिंह, गोपाल दास, चैतराम केंवट, बलजीत सिंह, संदीप सौंध और विपिन यादव शामिल हैं। मुंगेली पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम अभी भी अन्य फरार आरोपियों की तलाश कर रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *