बालाघाट में बीएसएनएल टावर से मॉडम बैटरी चोरी के मामले में एक बीएसएनएल कर्मी को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली पुलिस ने गर्रा निवासी मनोज चौधरी को चोरी की 15 बैटरियों के साथ पकड़ा है। आरोपी इन बैटरियों को बेचने की फिराक में था। बीएसएनएल मोबाइल टावर से 15 मॉडम बैटरी चोरी यह मामला 16 दिसंबर को लक्की पटले की ओर से कोतवाली पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के बाद सामने आया। शिकायत में बताया गया था कि 14 दिसंबर को किसी अज्ञात व्यक्ति ने बीएसएनएल मोबाइल टावर से 15 मॉडम बैटरी चुरा ली थीं। थाना प्रभारी कामेश धुमकेती के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर जांच शुरू की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और निगरानी बदमाशों और जेल से रिहा हुए आरोपियों से पूछताछ की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी को पकड़ा इसी दौरान, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली, जिसके आधार पर संदेही मनोज चौधरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में आरोपी ने बैटरी चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। सीएसपी वैशालीसिंह कराहलिया ने बताया कि आरोपी टॉवर में बैटरी लगाने का काम करता था। वह बैटरियां लगाने के कुछ समय बाद उन्हें निकालकर चुरा लेता था। आरोपी पिछले छह महीने से इस तरह की चोरियों को अंजाम दे रहा था। चोरी की गई 15 बैटरियां बरामद पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई सभी 15 बैटरियां बरामद कर ली हैं। पुलिस अब आरोपी से यह जानने के लिए और पूछताछ कर रही है कि क्या उसने किसी अन्य स्थान पर भी चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है। बीएसएनएल टावर की मॉडम बैटरी चोरी के मामले में बीएसएनएल कर्मी मनोज चौधरी को गिरफ्तार करने में कोतवाली थाना प्रभारी कामेश कुमार धुमकेती, उपनिरीक्षक दीपक शर्मा, प्रधान आरक्षक गजेंद्र माटे, आरक्षक प्रियांक श्रीवास और शेख शहजाद सहित अन्य स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


