बीएसएल ने 7000 संविदा कर्मियों के लिए स्वास्थ्य बीमा योजना का किया शुभारंभ

सिटी रिपोर्टर | बोकारो बीएसएल ने संविदा कर्मियों की सामाजिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कल्याणकारी पहल करते हुए सोमवार को संजीवनी नामक समूह स्वास्थ्य बीमा योजना का शुभारंभ किया। उद्घाटन ज्ञानार्जन एवं विकास विभाग के कॉन्फ्रेंस रूम संख्या-1 में आयोजित कार्यक्रम में निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने किया। मुख्य महाप्रबंधक एके शरण ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए संजीवनी योजना की जानकारी दी। अधिशासी निदेशक राजश्री बनर्जी ने कहा कि यह योजना सेल में अपनी तरह की पहली पहल है, जो संविदा कर्मियों के कल्याण के प्रति संगठन की संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता को दर्शाती है। यह योजना विशेष रूप से उन कुशल एवं अति-कुशल संविदा कर्मियों के लिए प्रारंभ की गई है, जो सकल वेतन 21,000 से अधिक होने के कारण ईएसआईसी चिकित्सा कवरेज के दायरे से बाहर थे। मुख्य अतिथि निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन ने ‘संजीवनी’ योजना को बीएसएल के संविदा कर्मियों के लिए एक सशक्त सुरक्षा कवच बताते हुए कहा कि यह पहल संविदा कर्मियों के समग्र कल्याण, सुरक्षा एवं मनोबल को सुदृढ़ करने की दिशा में एक सकारात्मक एवं दूरदर्शी कदम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह योजना संविदा कर्मियों के कल्याण एवं स्वास्थ्य सुरक्षा में सहायक सिद्ध होगी। उल्लेखनीय है कि संजीवनी योजना के अंतर्गत लगभग 7,000 संविदा कर्मियों को स्वास्थ्य बीमा सुरक्षा प्रदान की जाएगी। योजना का संचालन बोकारो वेलफेयर ट्रस्ट के माध्यम से किया जाएगा, जबकि बीमा कवरेज मेसर्स बजाज जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड द्वारा उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम के दौरान 10 संविदा कर्मियों को स्वास्थ्य बीमा कार्ड व दिवंगत संविदा कर्मी स्व. बिनय कुमार की पत्नी नीलू देवी को 10 लाख रुपए का मुआवजा चेक प्रदान किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *