बीकानेर के जसरासर थाना क्षेत्र में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। बेटे ने ही पिता के खिलाफ मां की हत्या का मामला दर्ज कराया है। घटना बादनूं गांव की है, जहां रविवार को खेत में रहने वाले पति-पत्नी के आपसी झगड़े में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। जसरासर थाना अधिकारी आलोक सिंह ने बताया कि बादनू गांव निवासी नानूराम नायक (45) पेशे से किसान है। वो एक खेत में पत्नी सुशीला देवी (40) और दो बेटों के साथ खेती-बाड़ी का काम करता हे। सर्दी को देखते हुए खेत मालिक ने परिवार को ढाणी में रहने के लिए एक कमरा दिया था। खेत में ही पति-पत्नी और बच्चों के लिए झौपड़ा बना हुआ है लेकिन तेज सर्दी के कारण खेत मालिक ने उसे अपना कमरा सोने के लिए दिया था। रविवार सुबह करीब 5 बजे पति-पत्नी उस कमरे से निकलकर करीब 300 मीटर दूर अपनी झोपड़ी में पहुंचे। जहां वे रोजाना चाय और भोजन बनाते थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आवेश में आकर नानूराम ने अपनी पत्नी सुशीला देवी का मफलर से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी पति फरार हो गया। मृतका के दो बेटे हैं। महिला का पीहर सांडवा थाना क्षेत्र में है। घटना की जानकारी तब सामने आई जब सुबह करीब 9 बजे तक बेटे मनोज और अन्य परिजनों ने खेत में अपने माता-पिता को नहीं देखा तो वे झोपड़ी की ओर गए, जहां मां का शव पड़ा मिला और पिता मौके से गायब था। मृतका के पुत्र मनोज ने जसरासर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए अपने पिता पर मां की गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर जसरासर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अधिकारी आलोक सिंह ने बीकानेर से एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य एकत्रित कराए।
पुलिस ने मृतका सुशीला देवी का शव नोखा के जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, जहां सोमवार सुबह पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस ने आरोपी पति की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश देने के लिए टीमों का गठन कर दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।


