बीकानेर जिले में पहली बार एक सरकारी स्कूल में स्मार्ट क्लास की सुविधा शुरू होने जा रही है। महाजन गांव के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एपेक्स हॉस्पिटल के सीएसआर फंड से स्मार्ट रूम और स्टूडियो का निर्माण किया गया है। शनिवार को इस स्मार्ट क्लास का उद्घाटन राजस्थान सरकार के मंत्री सुमित गोदारा करेंगे। एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन एसबी झवर ने बताया कि महाजन उनका पैतृक गांव है। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा में सहयोग और समाज को कुछ वापस लौटाने के उद्देश्य से यह पहल की गई है। इसी परियोजना के तहत गांव की गौशाला में 60x40x20 साइज का नया शेड भी बनाया गया है। कार्यक्रम में गांव के प्रमुख, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहेंगे। स्मार्ट क्लास और गौशाला का नया शेड दोनों को औपचारिक रूप से संबंधित संस्थाओं को सौंप दिया जाएगा।


