बीकानेर में बढ़ती शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के मद्देनज़र बड़ा निर्णय लिया है। जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि ने आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत आदेश जारी करते हुए जिले के सभी राजकीय और गैर-राजकीय विद्यालयों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए 8 जनवरी से 10 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया है। 11 जनवरी को रविवार है, ऐसे में अब स्कूल 12 जनवरी को खुलेंगे। पांचवीं और आठवीं बोर्ड के एग्जाम है। आदेश के अनुसार कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों की कक्षाएं 8 से 10 जनवरी तक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक संचालित होंगी। यह आदेश जिले के सभी सरकारी, निजी, सीबीएसई, आंगनबाड़ी और मदरसों पर लागू होगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अवकाश केवल विद्यार्थियों के लिए मान्य रहेगा, जबकि स्कूल स्टाफ और शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय समय पर उपस्थित रहेंगे। साथ ही सभी संस्था प्रधानों को आदेशों की सख्ती से पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि किसी विद्यालय द्वारा आदेशों की अवहेलना की जाती है, तो संबंधित संस्था के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी।


