खेजड़ी बचाओ आंदोलन के तहत बीकानेर के बिश्नोई धर्मशाला के आगे महापड़ाव शुक्रवार को भी जारी रहा। राज्य सरकार के आश्वासन के बाद अनशन खत्म कर दिया गया है लेकिन आज से क्रमिक अनशन का सिलसिला शुरू हो जाएगा। कानून बनने तक आंदोलन जारी रहेगा। इससे पहले देर रात करीब एक बजे सभी अनशनकारियों ने अपना अनशन तोड़ दिया। आंदोलन का नेतृत्व कर रहे परसराम बिश्नोई ने बताया कि क्रमिक अनशन पर आज भी पर्यावरण प्रेमी बैठेंगे। हर रोज नए पर्यावरण प्रेमी अनशन पर बैठेंगे। इससेपहलेआमरण अनशन वालों की संख्या 537 तक पहुंच गई। कई अनशनकारियों का स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें पीबीएम अस्पताल रैफर करना पड़ा। अब तक 14 अनशनकारी पीबीएम अस्पताल रैफर किए जा चुके हैं, जबकि सौ से ज्यादा का इलाज महापड़ाव स्थल पर चल रहे अनिश्चितकालीन अनशन स्थल पर किया जा रहा है। बिश्नोई ने बताया कि अनशन तोड़ा गया है लेकिन महापड़ाव अब भी जारी है और आंदोलन कानून बनने तक लगातार जारी रहेगा। सरकार के आश्वासन और विधानसभा में मुख्यमंत्री के बोलने पर अनिश्चितकालीन अनशन समाप्त किया गया है। बिश्नोई ने बताया कि जिन लोगों की तबीयत खराब हुई, उनमें कुछ की हालत नाजुक है। दो रोगियों को हल्दीराम अस्पताल में भी भर्ती किया गया। पुलिस बल तैनात अनशन समाप्त होने के बाद भी आंदोलन जारी है, ऐसे में पुलिस बल मौके पर तैनात है। बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को अलग अलग शिफ्ट में तैनात किया गया है। हालांकि उम्मीद की जा रही है कि पुलिसकर्मियों की संख्या में अब कमी आ सकती है। बीकानेर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के एडिशनल एसपी, सीओ और थानाधिकारियों की ड्यूटी फिलहाल यहीं रहेगी। इन दिनों बीकानेर रेंज के श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू के पुलिस अधिकारी भी यहीं पर तैनात है।


